सावन 2026: 29 या 30 जुलाई कब से शुरू हो रहा है पावन महीना? नोट कर लें सावन सोमवार की सभी महत्वपूर्ण तिथियां

ज्योतिषाचार्य पं. यशस्वी योगेंद्र शर्मा : हिंदू पंचांग का पांचवां महीना ‘सावन’ (श्रावण) भगवान शिव की आराधना के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। इस पावन मास की शुरुआत श्रावण कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है, जिसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में प्रसिद्ध श्रावणी मेलों और कांवड़ यात्रा का आगाज़ हो जाता है। पूरे महीने शिवभक्त भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। आइए जानते हैं कि इस साल सावन कब से शुरू हो रहा है और सोमवार व्रतों की सही तिथियां क्या हैं।
कब से शुरू होगा सावन 2026?
पंचांग गणना के अनुसार, इस वर्ष श्रावण कृष्ण प्रतिपदा तिथि 29 जुलाई 2026 को रात 08:05 बजे से प्रारंभ होगी और 30 जुलाई 2026 को रात 09:30 बजे समाप्त होगी। चूंकि 30 जुलाई को सूर्योदय के समय प्रतिपदा तिथि मौजूद रहेगी, इसलिए उदयातिथि के नियम के अनुसार सावन महीने की शुरुआत 30 जुलाई से मानी जाएगी।
31 दिनों का होगा सावन मास
इस साल सावन का महीना पूरे 31 दिनों का रहने वाला है। 30 जुलाई से शुरू होकर इस पावन महीने का समापन 28 अगस्त 2026 को श्रावण पूर्णिमा के साथ होगा। इसी दिन भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार भी मनाया जाएगा।
सावन सोमवार व्रत 2026 की पूरी लिस्ट
इस वर्ष सावन के महीने में कुल 4 सोमवार पड़ रहे हैं। इन सभी सोमवारों पर विशेष शुभ संयोग बन रहे हैं, जिससे व्रत का महत्व और अधिक बढ़ गया है:
पहला सावन सोमवार: 3 अगस्त 2026
दूसरा सावन सोमवार: 10 अगस्त 2026
तीसरा सावन सोमवार: 17 अगस्त 2026
चौथा सावन सोमवार: 24 अगस्त 2026
उत्तर और दक्षिण भारत की तिथियों में क्यों होता है अंतर?
देश के अलग-अलग हिस्सों में सावन की शुरुआत को लेकर तारीखों में अंतर दिखाई देता है। इसका मुख्य कारण पंचांग की दो अलग-अलग गणना पद्धतियां हैं:
पूर्णिमांत पद्धति (उत्तर भारत): उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में यह पद्धति चलती है। इसमें पूर्णिमा के अगले दिन से ही नया महीना शुरू हो जाता है।
अमांत पद्धति (दक्षिण व पश्चिम भारत): महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में इस पद्धति को माना जाता है। यहां अमावस्या के अगले दिन से नए महीने की शुरुआत होती है। यही वजह है कि उत्तर भारत में सावन करीब 15 दिन पहले शुरू हो जाता है।
धार्मिक महत्व: क्यों किया जाता है जलाभिषेक?
पौराणिक कथाओं के अनुसार, सावन महीने का संबंध समुद्र मंथन से है। मंथन के दौरान जब हलाहल विष निकला, तो सृष्टि को बचाने के लिए भगवान शिव ने उसे अपने कंठ में धारण कर लिया, जिससे वे ‘नीलकंठ’ कहलाए। विष की तीव्र गर्मी को शांत करने के लिए सभी देवी-देवताओं ने उन पर पवित्र जल अर्पित किया था। तभी से सावन के महीने में शिवलिंग पर जलाभिषेक और कांवड़ यात्रा की परंपरा चली आ रही है।



