पति प्रेम की अनूठी मिसाल: पत्नी के निधन के सदमे में पति ने तोड़ा दम, एक साथ उठीं दोनों की अर्थियां, पढ़े पूरी खबर
औरैया : बेवफाई और आपसी विवादों के दौर में उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से पति-पत्नी के अटूट प्रेम और समर्पण की एक मिसाल सामने आई है। पत्नी की मौत का सदमा पति बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद पूरे गांव की मौजूदगी में दोनों की एक साथ अर्थी उठी, जिससे हर किसी की आंखें नम हो गईं।
क्या है पूरा मामला?
घटना दिबियापुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव की है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की एक महिला लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी के निधन से उसका पति गहरे सदमे में आ गया।
अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान जब पति परंपरा के अनुसार अपनी दिवंगत पत्नी की मांग में अंतिम बार सिंदूर भर रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द के साथ उसे हार्ट अटैक आया और मौके पर ही उसकी भी मृत्यु हो गई।
गांव में पसरा मातम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
एक ही घर से पति और पत्नी दोनों के शव एक साथ निकलने पर पूरे मधवापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने अंतिम समय में भी दोनों को अलग नहीं किया और एक ही साथ दोनों की अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दुखद हादसे के बाद दंपति के दो बेटों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व आवश्यक सरकारी मदद दिलाने की मांग की है।
यह भी पढ़े :- एनआईटी रायपुर के प्राध्यापकों द्वारा स्वच्छता एवं उद्यानिकी कर्मचारियों के लिए छाता वितरण कार्यक्रम का आयोजन



