Google Analytics —— Meta Pixel

NEET पेपर लीक और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर संसद में जबरदस्त हंगामा, लोकसभा और राज्यसभा कल तक स्थगित, इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष

Parliament Proceedings Adjourned: संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन NEET पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं की हिरासत के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों ने काले कपड़े पहनकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लगातार हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकार अगर वास्तव में NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा चाहती है तो पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस संबंध में सदन को आश्वस्त करें, तभी विपक्ष चर्चा में भाग लेगा। बता दें कि NEET परीक्षा विवाद और 20 जुलाई को छात्रों के संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे। 

यह भी पढ़ें:- “युवाओं की आड़ में अराजकता फैला रही कांग्रेस”: PM आवास के बाहर प्रदर्शन पर CM साय की राहुल को खरी-खरी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी अपने सामान्य सफेद टी-शर्ट की जगह काली टी-शर्ट, काली पैंट और चप्पल पहनकर संसद पहुंचे। विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन करते हुए छात्रों के समर्थन में नारे लगाए। लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार पिछले तीन दिनों से लगातार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा कराने की पेशकश कर रही है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बचकर सिर्फ राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार नियमों के तहत विस्तृत और सार्थक चर्चा चाहती है, ताकि देश के युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों पर जवाब दिया जा सके। राज्यसभा में विपक्ष ने नियम 267 के तहत तत्काल चर्चा कराने की मांग की। विपक्ष का कहना है कि NEET पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं की हिरासत जैसे मुद्दे इतने गंभीर हैं कि सदन का अन्य कार्य रोककर पहले इन पर चर्चा कराई जाए। हालांकि सभापति ने यह मांग स्वीकार नहीं की। उनका कहना है कि हर विषय पर नियम 267 लागू नहीं किया जा सकता और इस मामले पर अन्य संसदीय नियमों के तहत भी चर्चा संभव है।

क्या है नियम 267 ?

राज्यसभा का नियम 267 किसी अत्यंत महत्वपूर्ण और तात्कालिक राष्ट्रीय मुद्दे पर सदन का निर्धारित कार्य रोककर तत्काल चर्चा की अनुमति देता है। इसकी मंजूरी सभापति के विवेक पर निर्भर करती है। लोकसभा में कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष की पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। उनका कहना है कि जब तक मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद नहीं छोड़ते, तब तक चर्चा का कोई औचित्य नहीं है। इसके जवाब में मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार किसी भी विषय पर चर्चा से पीछे नहीं हट रही है और विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से बहस में भाग लेना चाहिए। समाजवादी पार्टी प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं का मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की गई और विपक्ष को भी विरोध दर्ज कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रधानमंत्री संसद के बाहर बयान दे सकते हैं तो इस मुद्दे पर सदन में आकर जवाब क्यों नहीं देते। (Parliament Proceedings Adjourned)

राज्यसभा में जेपी नड्डा का विपक्ष पर हमला

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष पर संसदीय मर्यादाओं को तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन का व्यवहार गैर-जिम्मेदाराना है और संसद की गरिमा को नुकसान पहुंचा रहा है। नड्डा ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बहस से बचकर सिर्फ हंगामा करना चाहता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि छात्रों और युवाओं की चिंताओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन उन्हें राजनीतिक स्वार्थों के लिए इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के युवा भ्रामक राजनीति से दूर रहकर विकास और राष्ट्रनिर्माण का रास्ता चुनेंगे। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के नाम पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई परीक्षार्थी देर से परीक्षा केंद्र पहुंचे तो उसके लिए अलग व्यवस्था नहीं हो सकती। दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को बांग्लादेश, पाकिस्तान और कुछ इस्लामिक देशों से समर्थन मिल रहा है और कांग्रेस ऐसे तत्वों के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।

सांसद कल्याण बनर्जी पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित

लोकसभा स्पीकर ने तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी को पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया है। उन पर महिला सांसदों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। इससे पहले मई 2026 में टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कल्याण बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। संसद में गतिरोध के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। सरकार ने सभी दलों की बैठक बुलाने का भी आग्रह किया है, ताकि चर्चा की तारीख, नियम और समय तय किया जा सके। NEET पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार जारी है। एक ओर विपक्ष इस्तीफे के बाद ही चर्चा पर अड़ा है, वहीं सरकार बिना किसी शर्त के सदन में बहस कराने की बात कह रही है। गतिरोध के चलते संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही लगातार तीसरे दिन स्थगित कर दी गई। (Parliament Proceedings Adjourned)

Back to top button
error: Content is protected !!