युवाओं के भविष्य पर गरमाई राजनीति, PM मोदी के ऐलान पर कांग्रेस ने की आरोपों की बौछार

Congress on PM Modi: पेपर लीक के मुद्दे पर देश की राजनीति गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया है, लेकिन विपक्ष ने इस घोषणा को देर से उठाया गया कदम बताते हुए केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों पर कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाने की मांग की है। PM मोदी का ऐलान कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्ष के प्रदर्शन के बीच आया है। बता दें कि CJP पिछले 34 दिन से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। वहीं एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक 26 दिन से भूख हड़ताल पर हैं, जिनका इलाज फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में जारी है।
यह भी पढ़ें:- संसद के बाहर NDA-INDIA आमने-सामने, NEET विवाद पर सीधा टकराव, हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा कल तक स्थगित
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने PM मोदी से कहा कि आप ही हैं, जिसने हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने हमारी शिक्षा प्रणाली पर पूरी तरह कब्जा करने और उसे नष्ट करने की इजाजत दी और उसे प्रोत्साहित किया। इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया। छात्रों की मांगें साफ हैं- धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं। छात्रों से माफी मांगे। छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने PM मोदी से कहा कि आपकी देखरेख में शिक्षा व्यवस्था खराब हो गई है। हमें खोखली बातें या टुकड़ों में की गई घोषणाएं नहीं चाहिए। आपकी सरकार ने युवाओं पर लाठीचार्ज किया, पैलेट गन और शॉक बैटन का इस्तेमाल किया और बिना किसी डर के बेरहमी से बर्बरता की, मानो वे हमारे अपने बच्चे ही न हों। (Congress on PM Modi)
आज तक क्यों चुप बैठे?: खड़गे
खड़गे ने कहा कि अपने एयर-कंडीशंड महलों से बाहर आइए और उन युवा पुरुषों और महिलाओं की आंखों में देखिए, जो आपकी तानाशाही के खिलाफ लड़ते हुए सड़कों पर लहूलुहान हुए। युवा सिर्फ 3 आसान मांगें पूरी करवाना चाहते हैं। पहला- शिक्षा मंत्री प्रधान को तुरंत बर्खास्त करें। दूसरा- दंडात्मक कार्रवाई और अत्याचारों के लिए माफी मांगें। तीसरा- जिन्हें आपने निशाना बनाया, उन्हें न्याय दिलाएं। RSS ने शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा कर लिया है। युवाओं में बेरोजगारी 29% (PLFS) तक पहुंच गई है। कोई प्राइवेट नौकरी नहीं है और पक्की सरकारी नौकरियां भी बहुत कम हैं। कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी देने का चलन चरम पर है। सारे रास्ते बंद हैं। युवा अपने भविष्य की मांग करने कहां जाएं ? खड़गे ने आगे कहा कि आज तक क्यों चुप बैठे? क्यों बात नहीं करी। इस हालात को बनाने के लिए, बच्चों को सड़क पर उतराने के लिए और उन्हें लाठियां खाने के लिए अगर किसी ने मजबूर किया है तो ये पीएम मोदी ने किया है। उन्होंने खुद ये स्थिति पैदा की है, जो आदमी ऐसी स्थिति पैदा करता है तो उसे ही समाधान देना चाहिए।
देश के नौजवानों पर जुल्म हो रहे हैं: सांसद तिवारी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि बच्चे कुछ कह रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी कुछ और कह रहे हैं। वे नेता हैं और अब उनका नेतृत्व दिखाने का समय आ गया है। बच्चों की स्पष्ट मांगे हैं। धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और जिन्होंने बच्चों को मारा है उन पर कार्रवाई हो। बच्चों का सिस्टम से भरोसा टूट गया है। उन्हें पहले बच्चों की मांगे पूरी करनी होंगी, तभी इसका नतीजा निकलेगा। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि आज कल कोई भी उनकी बातों पर यकीन नहीं करता। उनकी बातों का भरोसा पहले ही खत्म हो चुका है। सबसे पहले, उन्हें धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाना होगा। फिर उन्हें स्टूडेंट्स से बात करनी होगी। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री छोटे प्यादों को सजा देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट चलाएंगे ? देश के नौजवानों पर जो जुल्म हो रहे हैं, वह करोड़ों नौजवानों को प्रभावित कर रहा है। हम उनकी आवाज उठा रहे हैं। विपक्ष का काम है आवाज उठाना। अगर हम आवाज उठा रहे हैं तो उसमें भी आपको राजनीति दिख रही है?
देर आए दुरुस्त आए: सांसद हरसिमरत कौर
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री के दरवाजे पर दस्तक देने पर उन्होंने कम से कम इतना तो कहा, लेकिन यह काम नहीं करेगा। सबसे पहले धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। प्रधानमंत्री को क्रूर लाठीचार्ज के लिए छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि फास्ट-ट्रैक कोर्ट से कुछ नहीं होने वाला, पहले जो मांग है कि जो जिम्मेदार है उसे मुख्य सजा तो दिलाओं। वो तो बाद की प्रक्रिया है, क्योंकि उनकी जमानत होगी। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा दिल्ली में बहुत अच्छा प्रदर्शन चल रहा है और यह सिर्फ दिल्ली में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में चल रहा है। अगर नौजवानों के पेपर लीक हो रहे हैं तो क्या विपक्ष को घर में चुप बैठना चाहिए ? शिरोमणि अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि देर आए दुरुस्त आए, लेकिन टाइम-बाउंड होना चाहिए और जो लोग जिम्मेदार हैं उन्हें हटाया जाना चाहिए। (Congress on PM Modi)



