ACB की बड़ी कार्रवाई: प्रभारी सिविल सर्जन 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सक्ती / डभरा: छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्ती जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी अपने ही विभाग के एक कर्मचारी का वेतन संबंधी डेटा आगे भेजने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। इस कार्रवाई के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
वेतन डेटा भेजने के एवज में मांगी थी घूस
ACB बिलासपुर से मिली जानकारी के अनुसार, जिला स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ फार्मासिस्ट ग्रेड-2 गंगा प्रसाद रत्नाकर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता फरवरी 2026 से जिला अस्पताल सक्ती में अटैचमेंट पर कार्यरत हैं।
आरोप के अनुसार, प्रभारी सिविल सर्जन द्वारा फरवरी से जून 2026 तक के 5 महीनों के लिए 20-20 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से कुल 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। यह रकम मई और जून महीने का पे-डेटा सीएमएचओ (CMHO) कार्यालय भेजने के बदले मांगी गई थी। रिश्वत न देने के कारण शिकायतकर्ता का दो महीने का वेतन भी रोक कर रखा गया था।
ACB ने बिछाया जाल, डभरा में रंगे हाथ दबोचा
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर अपने गृह ग्राम डभरा बुलाया था। गुरुवार रात डभरा कॉलेज मोड़ के पास जैसे ही प्रभारी सिविल सर्जन ने अपनी स्कॉर्पियो कार में बैठकर 1 लाख रुपये की रिश्वत ली, पहले से सतर्क ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा। पुलिस ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ACB ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- गुरु घासीदास विवि में BA-LLB 6th सेमेस्टर का री-एग्जाम निरस्त, छात्रों का विरोध प्रदर्शन लाया रंग



