गुरु घासीदास विवि में BA-LLB 6th सेमेस्टर का री-एग्जाम निरस्त, छात्रों का विरोध प्रदर्शन लाया रंग
बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के तीव्र विरोध और आंदोलन के आगे झुकते हुए BA-LLB छठे सेमेस्टर की पुनर्परीक्षा (री-एग्जाम) कराने का फैसला वापस ले लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा री-एग्जाम का नोटिफिकेशन रद्द किए जाने से छात्रों ने राहत की सांस ली है। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से जारी विवाद पर भी विराम लग गया है।
विभाग से लेकर प्रशासनिक भवन तक चला आंदोलन
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल ही में छठे सेमेस्टर की परीक्षा दोबारा कराने संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया था। इसके विरोध में बड़ी संख्या में विधि छात्र एकजुट हो गए। छात्रों का तर्क था कि अचानक पुनर्परीक्षा का निर्णय लेने और तैयारी के लिए पर्याप्त समय न मिलने से उनके शैक्षणिक सत्र और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
शुरुआत में छात्रों ने विभागाध्यक्ष से मुलाकात कर फैसला वापस लेने की मांग की थी। समाधान न निकलने पर छात्रों ने प्रशासनिक भवन के समक्ष उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया और मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
पेपर लीक मामले के बाद जारी हुआ था आदेश
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, करीब दो महीने पूर्व BA-LLB छठे सेमेस्टर की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। प्रकरण की जांच के लिए विश्वविद्यालय ने पांच सदस्यीय ‘फैक्ट फाइंडिंग कमेटी’ का गठन किया था। समिति ने 6 जून को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर प्रशासन ने परीक्षा निरस्त कर री-एग्जाम का आदेश जारी किया था।
छात्रों के लगातार बढ़ते दबाव और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अंततः विश्वविद्यालय प्रबंधन को अपना आदेश वापस लेना पड़ा। फैसला निरस्त होने की घोषणा के साथ ही छात्रों ने आंदोलन समाप्त कर दिया है।
यह भी पढ़े :- शीतकालीन सत्र में लागू होगा UCC: मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान



