स्वामी आत्मानंद स्कूल के शिक्षक ने छात्रा से किया दुष्कर्म, सेवा से बर्खास्तगी के बाद भेजा गया जेल

पेंड्रा (छत्तीसगढ़)। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संविदा शिक्षक अमित शर्मा को नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में पेंड्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पूर्व शिक्षा विभाग ने आरोपी को पद से बर्खास्त कर दिया था।
बहला-फुसलाकर घर ले जाने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूलतः सतना (मध्य प्रदेश) निवासी अमित शर्मा पेंड्रा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में संस्कृत विषय का संविदा शिक्षक था। आरोप है कि वह विद्यालय की ही एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने निवास पर ले गया और कई घंटों तक उसे बंधक बनाकर रखा।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर बंधक बनाने का मामला दर्ज किया था। हालांकि, जांच के दौरान पीड़िता के अदालत में दर्ज बयानों के आधार पर दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामले में धाराएं बढ़ाई गईं।
पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं जुड़ीं
पीड़िता के बयान सामने आने के बाद पेंड्रा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 को शामिल किया। इसके पश्चात पुलिस टीम ने आरोपी शिक्षक को उसके निवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कलेक्टर की स्वीकृति के बाद सेवा से बर्खास्तगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने कलेक्टर की स्वीकृति के बाद आरोपी शिक्षक अमित शर्मा को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया था। शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि आरोपी का यह कृत्य शिक्षकीय गरिमा तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का घोर उल्लंघन है, इसलिए उसे पद पर बनाए रखना संभव नहीं है।
यह भी पढ़े :- प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण का अनूठा संगम है नंदनवन जंगल सफारी



