Google Analytics —— Meta Pixel

पेपर लीक पर विपक्ष आक्रामक, केंद्र सरकार पर की सवालों की बौछार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष

Opposition on Paper Leak: पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा और तेज कर दिया है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आरजेडी, टीएमसी और कई विपक्षी दल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर हुई कार्रवाई और सरकार की जवाबदेही की मांग पर एकजुट दिखाई दे रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि सरकार छात्रों की असली मांगों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जबकि देशभर के युवा जवाब चाहते हैं। संसद के भीतर और बाहर सरकार पर तीखे हमले जारी हैं। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार किसी प्रकार की जिम्मेवारी नहीं ले रही, सरकार बहरी है। सरकार देश के युवाओं की बात को नकार रही है। युवा साफ-साफ बोल रहे हैं कि शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें और भाजपा कह रही है कि शिक्षा मंत्री ने लाजवाब काम किया है। इसलिए जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, शिक्षा पर जिस प्रकार की बात-चीत से सरकार चाहती है हम इस खोखले बातचीत में भाग नहीं लेंगे।

यह भी पढ़ें:- धर्मेंद्र प्रधान एक क्रिमिनल एजुकेशन मिनिस्टर हैं, उन्हें हटाना होगा: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि क्या किसी बच्चे ने फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात रखी थी ? क्या किसी पार्टी ने रखी थी ? जिन बातों को लेकर देश में मांग ही नहीं है। उनको प्रधानमंत्री कह रहे हैं और जो असली मांग है जिसको लेकर सारा विपक्ष लड़ाई लड़ रहा है उन बातों का तो PM मोदी संज्ञान ही नहीं ले रहे हैं। हमारी मांग है धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो और पुलिस की बर्बरता के पीछे जो जिम्मेदार हैं उन पर कार्रवाई हो। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने PM मोदी के वीडियो संदेश पर कहा कि उनकी बात को कौन गंभीरता से ले रहा है। बोलने दीजिए उन्हें। 22-25 दिन बाद मुंह खोलते हैं और अजीब सी बाते कर रहें। देश का नौजवान सड़कों पर किसी कारण से है। इन बातों से उनकी कुंठा दूर नहीं होने वाली। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि लोकतंत्र में सब अपनी-अपनी बात कह सकते हैं। सबके लिए अपनी जगह है। कांग्रेस पार्टी विपक्ष की सबसे बड़ पार्टी है। राहुल गांधी ने छात्रों की गूंज के माध्यम से आवाज उठाई। सदन में हमारी अलग जिम्मेवारी है। सरकार क्या करती है ये अलग मुद्दा है। (Opposition on Paper Leak)

सरकार यह चाहती है छात्रों का मुद्दा खत्म हो जाए: डिंपल यादव

सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि सरकार यह चाहती है छात्रों का जो मुद्दा है, वो खत्म हो जाए। अगर सरकार वास्तव में छात्रों का हित चाहती है तो उनको NTA को हटा देना चाहिए। बहुत सारी शिकायतें आ रही हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए था। यह केवल दिल्ली में प्रदर्शन नहीं हो रहा है, अन्य शहरों में भी प्रदर्शन हो रहा है। मेरा मानना है कि शिक्षा मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि इधर-उधर की बाते चल रही हैं। पहले छात्रों की मांग पूरी की जाए। सभी लोगों को इस्तीफा चाहिए हम उस पर अटल हैं। छात्रों की मांग अटल है। फास्ट ट्रैक कोर्ट होना, लेकिन रेप के मामलों में जो फास्ट ट्रैक कोर्ट बनें हैं उनमें कितनी कार्रवाई हुई है? कितनी प्रगति हुई है ये भी सोचने की बात है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि एक हफ्ते से ज्यादा हो गया लाखों छात्र, युवा, बेटियां धरने पर बैठे हैं। NEET पेपर लीक होने से करोड़ो नौजवानों के भविष्य को अंधेरा किया गया है। 

हमारी नेता डिंपल यादव को चोटें आई: सांसद अवधेश  

उन्होंने आगे कहा कि एक छोटी सी मांग लेकर बैठे हैं कि शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी होती है कि इस्तीफा दें, लेकिन दुख ये है कि हजारों छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ। हमारी नेता डिंपल यादव को चोटें आई। अखिलेश यादव को गिरफ्तार भी किया गया। समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि क्या यह अपराध करने वालों को दंडित करने के लिए पहले से कोई कानून नहीं था? इसे लागू करने वाली एजेंसी कौन है? क्या किसी के खिलाफ कार्रवाई हुई है? CBI ने इस NEET पेपर लीक के किंगपिन को क्लीन चीट दे दी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सदन स्थगित हो रहा है। कोई विपक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं है। जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक सदन नहीं चल सकता है। RJD सांसद मनोज कुमार झा ने PM मोदी से कहा कि मुझे तो बेइमानी लग रही है। छात्रों की मांग क्या है उस पर बोलिए ना। अब तो तीन मांग है। आप मध्य रात्रि के बाद पोस्ट करते हैं उसमें भी ईमानदारी नहीं बरतते हैं। अहंकार आपको ले डूबेगा। प्रधानमंत्री आप बिना किसी कवर के हैं, मेरे शब्दों पर ध्यान दें। 

मैं चाहूंगा कि प्रधानमंत्री अपनी साख ठीक करें: शत्रुघ्न सिन्हा 

झा ने कहा कि संवेदना विहीन सदन, संजीदगी विहीन सदन, माफ करेंगे क्या वे बच्चे? माफ करेंगे क्या वे परिवार जिनके यहां से मृत्यु हुई है? TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कि प्रधानमंत्री ने अगर पहले ऐसा किया होता, तब लगता कि सख्त से सख्त कार्रवाई की गई है, लेकिन सारी बातें ‘हवा-हवाई’ निकली। अगर आपने देश के नाम संदेश देने का प्रयास ही किया तो जो आप खुद कहते हैं, ‘तथ्य और सत्य’ वो उसमें शामिल होना चाहिए था। इस संदेश में सत्य नहीं था। पुराने मामलों को तो आप अभी तक निपटा नहीं पाए हैं, 100 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं, हमारे देश के बच्चे, समाज के बच्चे, इतने दिनों से भूखे-प्यासे, बुझे हुए, धूप में, बारिश में, दिन और रात में इतने समय से पड़े हुए हैं, लेकिन आपने उनके बारे में एक बार भी चिंता नहीं जताई? प्रधानमंत्री को उनसे एक बार जरूर मिलना चाहिए था या उन्हें गले लगाकर आश्वासन देना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसा लगता है कि ये सरकार दम और अहंकार में पीछे बैठी हुई है और ये दम में बैठी सरकार अपनी विश्वसनीयता खो बैठी है। मैं चाहूंगा कि प्रधानमंत्री अपनी साख ठीक करें। जो कहें वो करें। (Opposition on Paper Leak)

Back to top button
error: Content is protected !!