Google Analytics —— Meta Pixel

आधी रात को थम गई गाँव की धड़कनें, 24 घंटे के लिए घरों में कैद हुए लोग… जानिए दुर्ग के ग्राम कचांदुर का यह रहस्यमयी सच!

दुर्ग । जब पूरी दुनिया आधुनिकता की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रही है, तब छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले के ग्राम कचांदुर में एक ऐसी रहस्यमयी और अभेद्य परंपरा निभाई गई, जिसे सुनकर हर कोई हैरत में पड़ जाए। सावन की दस्तक से ठीक पहले, आधी रात के घोर सन्नाटे में गाँव को ‘बाँधने’ की गुप्त रस्म पूरी की गई।

मध्यरात्रि 12 बजे का वो रहस्यमयी अनुष्ठान

शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे, जब पूरा गाँव गहरी नींद में सो रहा था, तब शीतला माता मंदिर में अचानक गाँव के बैगा, बुजुर्ग और चुनिंदा पुरुष एकत्र हुए। गुप्त पूजा-अर्चना के बाद, श्रीफल (नारियल) और पूजन सामग्री लेकर यह मंडली गाँव की चारों दिशाओं की ओर बिना किसी आहट के रवाना हो गई।

गाँव की सीमाओं पर खोदे गए गड्ढे, खींची गई ‘सुरक्षा रेखा’

सरपंच कीर्तन साहू के अनुसार, बैगा और बुजुर्गों की टीम गाँव की अंतिम सीमाओं पर पहुँची। वहाँ अंधेरे में ही छोटे-छोटे गड्ढे खोदकर नारियल, चावल और धूप-दीप के साथ सीमा बंधन का अनुष्ठान किया गया। माना जाता है कि इस अनुष्ठान के बाद गाँव के चारों ओर एक ‘अदृश्य सुरक्षा-कवच’ निर्मित हो जाता है।

कोटवार की मुनादी और 24 घंटे की कड़ी पाबंदी

गाँव बांधने की इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी ग्रामीण को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होती। कोटवार द्वारा ‘हाका’ (मुनादी) लगाकर पूरे गाँव को अलर्ट किया जाता है। इसके बाद लगातार 24 घंटे तक गाँव की सीमाएँ सील रहती हैं। यही नहीं, बुरी शक्तियों और बीमारियों से बचाव के लिए घरों की बाहरी दीवारों पर गोबर से विशेष सुरक्षा-चिह्न बनाए जाते हैं।

महिलाओं का प्रवेश वर्जित, सदियों पुरानी आस्था का पहरा

इस गुप्त और पवित्र अनुष्ठान की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें महिलाओं का शामिल होना पूरी तरह वर्जित रहता है। ग्रामीणों का दावा है कि पूर्वजों के ज़माने से चली आ रही यह परंपरा गाँव को महामारी, प्राकृतिक आपदा और अनहोनी से बचाकर रखती है।

यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय ने भोरमदेव धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना; इस साल भी कांवड़ियों पर होगी पुष्पवर्षा

Back to top button
error: Content is protected !!