अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर PM मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा- भारत में दुनिया के 70% बाघ, देश में बढ़ी बाघों की संख्या, टाइगर रिजर्व हुए 58

International Tiger Day 2026: अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों और वन्यजीव प्रेमियों को शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने बाघ संरक्षण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि देश को गर्व है कि दुनिया के लगभग 70 प्रतिशत बाघ भारत में पाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बाघों के संरक्षण की पहल प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की सदियों पुरानी परंपरा और लोगों की सामूहिक भागीदारी से प्रेरित है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत विज्ञान आधारित संरक्षण, सामुदायिक भागीदारी और सतत विकास के माध्यम से बाघ संरक्षण को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बाघों की सुरक्षा में जुटे वनकर्मियों, वैज्ञानिकों और संरक्षणवादियों के योगदान की सराहना की।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर, 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों का टूटा संपर्क
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के मौके पर नई दिल्ली में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने भारत की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बाघों की संख्या बढ़कर 3682 हो गई है, जबकि बाघ अभ्यारण्यों की संख्या बढ़कर 58 पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में हाथी अभ्यारण्य, राष्ट्रीय उद्यान, वन्यजीव अभ्यारण्य, संरक्षित क्षेत्र, सामुदायिक अभ्यारण्य और आर्द्रभूमि क्षेत्रों में भी वृद्धि हुई है। (International Tiger Day 2026)

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि संरक्षण का मतलब सिर्फ वन्यजीवों की रक्षा करना नहीं है, बल्कि प्रकृति के साथ सम्मानजनक रिश्ता बनाना भी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति सिर्फ पर्यटन या मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे लोगों को शांति और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर NTCA के ईको-टूरिज्म वेबपेज की शुरुआत की गई। इस प्लेटफॉर्म पर देश के सभी टाइगर रिजर्व की जानकारी एक जगह उपलब्ध होगी। वेबसाइट के जरिए पर्यटक बाघ अभ्यारण्यों से जुड़ी जानकारी, सफारी और आवास बुकिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट तक पहुंच सकेंगे। इसका उद्देश्य जिम्मेदार और टिकाऊ प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना है। (International Tiger Day 2026)

कार्यक्रम में बाघ संरक्षण और संरक्षित क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन अधिकारियों और अन्य योगदानकर्ताओं को NTCA पुरस्कार प्रदान किए गए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जंगलों की कहानियां सिर्फ आंकड़े नहीं होती, बल्कि इनमें वन कर्मियों का अनुभव, पारंपरिक ज्ञान और संरक्षण के प्रति उनका जुनून शामिल होता है। उन्होंने वन अधिकारियों से अपने अनुभवों को साझा करने और संरक्षण से जुड़ी नीतियों को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की। समारोह के दौरान बाघ संरक्षण से जुड़ी पांच रिपोर्ट भी जारी की गईं। इनमें NTCA आउटरीच जर्नल ‘स्ट्राइप्स’ का जुलाई 2026 संस्करण, 24 टाइगर रिजर्व की सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट, भारत के टाइगर रिजर्व में रीछों के लिए आवास, उपयुक्तता मूल्यांकन रिपोर्ट, टाइगर्स ऑफ द वर्ल्ड रिपोर्ट और द रहमान खेड़ा टाइगर पुस्तक शामिल हैं। इन रिपोर्ट्स का उद्देश्य वैज्ञानिक संरक्षण, ज्ञान साझा करने और जन जागरूकता को बढ़ावा देना है।

क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस ?
बाघ संरक्षण को लेकर दिल्ली-एनसीआर के स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला, नारा लेखन, रेखाचित्र और मुखौटा बनाने जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत देशभर के इको-क्लबों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। करीब एक सदी पहले एशिया में लगभग 10 लाख जंगली बाघ पाए जाते थे, लेकिन आज बाघ अपने पुराने प्राकृतिक क्षेत्र के 8 प्रतिशत से भी कम हिस्से में रह गए हैं। बाघों की संख्या में गिरावट के पीछे अवैध शिकार, वन्यजीवों का अवैध व्यापार, जंगलों का नष्ट होना, आवास का बंटवारा, मानव-वन्यजीव संघर्ष और जलवायु परिवर्तन प्रमुख कारण हैं। साल 2010 में रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित बाघ शिखर सम्मेलन में 13 बाघ रेंज देशों ने मिलकर वैश्विक बाघ पुनर्प्राप्ति कार्यक्रम शुरू किया था। इसी सम्मेलन में हर साल 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस मनाने का फैसला लिया गया। इसका उद्देश्य बाघ संरक्षण को लेकर दुनिया में जागरूकता बढ़ाना, अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करना और बाघों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है।




