अटल प्रतिमा विवाद: पूरे प्रदेश में जांच की मांग, चंद्राकर बोले-‘सिर्फ इंजीनियर का निलंबन काफी नहीं’

रायपुर : कटघोरा में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा के स्थान पर कथित रूप से सीमेंट की प्रतिमा स्थापित किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने इस प्रकरण पर कड़ा रुख अपनाते हुए पूरे राज्य में स्थापित अटल प्रतिमाओं की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान चंद्राकर ने कहा कि यह मामला केवल एक प्रतिमा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सरकारी कार्यों की गुणवत्ता और सार्वजनिक धन के उपयोग से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल एक सब-इंजीनियर को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अन्य प्रमुख मुद्दों पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के बयान:
बस्तर पंडुम पर पलटवार: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा ‘बस्तर पंडुम’ कार्यक्रम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार करते हुए चंद्राकर ने कहा कि सभी शासकीय आयोजनों का ऑडिट तय प्रक्रिया के तहत होता है। कांग्रेस बिना तथ्यों के केवल राजनीतिक बयानबाज़ी कर रही है।
स्मार्ट मीटर विवाद: स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के आंदोलन पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना की शुरुआत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही हुई थी। आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेतृत्व को अपने पूर्व मुख्यमंत्री से जवाब मांगना चाहिए।
कांग्रेस में आंतरिक संकट: कांग्रेस के संगठनात्मक हालात पर टिप्पणी करते हुए चंद्राकर ने दावा किया कि पार्टी इस समय आंतरिक मतभेदों और नेतृत्व संकट से जूझ रही है और उसका ध्यान केवल अंदरूनी खींचतान पर केंद्रित है।
कुलगाम हमले पर शोक: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने इसे सुनियोजित ‘टारगेट किलिंग’ बताया। उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई और राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की।
यह भी पढ़े :- कुलगाम में आतंकियों का हिंदू मजदूरों पर हमला, छत्तीसगढ़ के दो युवकों की हत्या, नाम पूछकर बनाया निशाना



