Google Analytics —— Meta Pixel

कुलगाम में आतंकियों का हिंदू मजदूरों पर हमला, छत्तीसगढ़ के दो युवकों की हत्या, नाम पूछकर बनाया निशाना

Terrorists Killed Laborers: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक बार फिर गैर-स्थानीय हिंदू मजदूरों को निशाना बनाते हुए छत्तीसगढ़ के दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने पहले मजदूरों के नाम पूछकर उनकी पहचान की और फिर हिंदू होने की पुष्टि होने पर उन्हें समूह से अलग कर नजदीक से गोली मार दी। इस घटना ने एक बार फिर पहलगाम हमले जैसी घटना की याद दिला दी है, जिसमें धर्म पूछकर लोगों को निशाना बनाया गया था। मारे गए दोनों युवक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और कुलगाम के केलाम इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें:- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सियासी संग्राम, संसद के बाहर पप्पू यादव का भगवा वेश में प्रदर्शन, बीजेपी ने बताया सनातन का अपमान

हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। उस समय कई प्रवासी मजदूर ईंट-भट्ठे पर मौजूद थे। आतंकियों ने वहां पहुंचकर मजदूरों के नाम पूछे और पहचान की। जांच में सामने आया है कि वहां मौजूद प्रवासियों में हिंदू सिर्फ दो ही मजदूर थे। आतंकियों ने दोनों को अलग किया और बेहद करीब से गोली मार दी। हमले के दौरान 3 से 4 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान 24 साल के दीपक रात्रे और 28 साल के भूपेंद्र के रूप में हुई है। दीपक रात्रे सारंगढ़ जिले के जबकि भूपेंद्र सक्ती जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों रोजगार की तलाश में कश्मीर गए थे और पिछले कुछ समय से ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे।राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। (Terrorists Killed Laborers)

पहलगाम हमले जैसी घटना

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि यह हमला पहलगाम की तर्ज पर अंजाम दिया गया। आतंकियों ने पहले पहचान सुनिश्चित की और फिर सिर्फ हिंदू मजदूरों को निशाना बनाया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि हमलावरों ने पहले से इलाके की रेकी की थी और उन्हें पता था कि यहां बाहरी राज्यों के मजदूर काम करते हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सेना और पुलिस की टीमें जंगलों तथा आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि इस हमले में एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी शामिल हो सकता है। शुरुआती जांच का फोकस मोहम्मद लतीफ नाम के आतंकी पर है, जो पिछले साल लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में शामिल हुआ था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक किसी आतंकी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है। (Terrorists Killed Laborers)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि कुलगाम में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों और पुलिस महानिदेशक से बात कर आतंकियों का जल्द से जल्द सफाया करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आतंकी हमले को बेहद कायराना बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुलगाम में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों की हत्या अत्यंत पीड़ादायक है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के लगातार संपर्क में है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने दोनों मृतकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

लगातार निशाने पर गैर-स्थानीय लोग

पिछले कुछ सालों में आतंकवादी संगठनों ने घाटी में विशेष रूप से गैर-मुस्लिम और बाहरी राज्यों से आए लोगों को निशाना बनाया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक आतंकियों के निशाने पर गैर-मुस्लिम, विशेषकर कश्मीरी पंडित, भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि, जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान और अधिकारी, दूसरे राज्यों से रोजगार के लिए कश्मीर आए मजदूर और कर्मचारी शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के हमलों का उद्देश्य घाटी में भय का माहौल पैदा करना और आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित करना होता है। अगस्त से नवंबर तक कश्मीर में सेब की तुड़ाई का मौसम रहता है। इस दौरान बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से मजदूर घाटी पहुंचते हैं। ऐसे समय में प्रवासी श्रमिकों पर हमला होने से बागवानों और कारोबारियों की चिंता भी बढ़ गई है। अगर मजदूरों में भय का माहौल बना तो सेब उद्योग पर भी इसका असर पड़ सकता है।

हाल के दिनों में बढ़ी आतंकी गतिविधियां

घाटी में हाल के दिनों में कई आतंकी घटनाएं सामने आई हैं। 21 जुलाई को अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात पुलिस दल पर आतंकियों ने फायरिंग की थी। इस हमले में हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हुए थे और बाद में अस्पताल में शहीद हो गए। 18 जुलाई  को राजौरी में नियंत्रण रेखा (LoC) के तारकुंडी फॉरवर्ड इलाके में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को भारतीय सेना ने नाकाम किया। करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर गोलीबारी हुई। 8 जुलाई को शोपियां में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर जाकिर अहमद गनी को मार गिराया गया। वह पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी 14 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था।

सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती

कुलगाम की यह घटना संकेत देती है कि आतंकी संगठन अब भी घाटी में सांप्रदायिक तनाव फैलाने और गैर-स्थानीय लोगों को डराने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस हमले को बेहद गंभीर मानते हुए इसकी हर पहलू से जांच कर रही हैं। पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है और आतंकियों की तलाश के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। यह हमला न सिर्फ दो निर्दोष मजदूरों की हत्या है, बल्कि कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों को चुनौती देने की एक और कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि सुरक्षा बल इस हमले के जिम्मेदार आतंकियों तक कितनी जल्दी पहुंचते हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है। कुलगाम का यह आतंकी हमला एक बार फिर साबित करता है कि आतंकवादी घाटी में शांति और सामान्य जनजीवन को बाधित करने के लिए निर्दोष नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। अब पूरे देश की नजर सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई पर है कि इस कायराना हमले के जिम्मेदार आतंकियों को कब तक उनके अंजाम तक पहुंचाया जाता है।

Back to top button
error: Content is protected !!