कुलगाम में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की हत्या, लश्कर के आतंकी लतीफ पर शक, पहलगाम हमले जैसा पैटर्न

Lashkar Suspected of Murder: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में शुक्रवार रात हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक इस हमले के पीछे आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का हाथ होने का शक है, जिसे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक इस हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों में मोहम्मद लतीफ का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि लतीफ पहले भी आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में दिनदहाड़े हुई पुलिस कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था। एजेंसियां अब लतीफ और उसके नेटवर्क को लेकर जांच कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे कुलगाम के केलम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को आतंकियों ने निशाना बनाया।
यह भी पढ़ें:- विपक्ष के भगवा प्रदर्शन को लेकर संत समाज में उबाल, पप्पू यादव समेत विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की मांग
प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने पुलिस को बताया कि हथियारों से लैस आतंकी वहां पहुंचे और पहले मजदूरों से उनकी पहचान पूछी। इसके बाद उन्होंने बेहद करीब से फायरिंग कर दी। इस हमले में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के दौरान करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। इस आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान दीपक रात्रे (21) और भूपेंद्र मैना (28) के रूप में हुई है। दीपक रात्रे सक्ती जिले के बुंदेली गांव के रहने वाले थे। वह करीब एक साल पहले अपनी पत्नी और भाई के साथ मजदूरी करने के लिए कश्मीर गए थे। वहीं भूपेंद्र मैना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव के निवासी थे। वह तीन महीने पहले अपनी पत्नी के साथ मजदूरी के लिए कश्मीर पहुंचे थे। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर से दूर रोजी-रोटी कमाने गए मजदूर आतंकियों की हिंसा का शिकार हो गए।

पहलगाम हमले जैसा पैटर्न
सुरक्षा एजेंसियां इस हमले को पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले के पैटर्न से जोड़कर देख रही हैं। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया था और उनकी पहचान पूछकर हत्या की थी। कुलगाम की घटना में भी मजदूरों की पहचान पूछे जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद एजेंसियां इसे एक सोची-समझी साजिश मानकर जांच कर रही हैं। खुफिया सूत्रों के मुताबिक आतंकी मोहम्मद लतीफ अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से मजदूरों तक पहुंचा था। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहले मजदूरों के पहचान पत्र चेक किए और फिर गोलीबारी की। एजेंसियों का मानना है कि इस हमले के जरिए आतंकी संगठन यह संदेश देना चाहते थे कि उनका नेटवर्क अभी भी सक्रिय है और वे घाटी में हमले करने की क्षमता रखते हैं। सूत्रों के मुताबिक हमले की साजिश सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर्स द्वारा रची जाने की आशंका है। जांच एजेंसियां पाकिस्तान में बैठे आतंकी कमांडरों और उनके संपर्कों की भी जांच कर रही हैं। शक जताया जा रहा है कि इस हमले में सीमा पार से निर्देश मिलने की भूमिका हो सकती है। (Lashkar Suspected of Murder)
इस हमले की जितनी निंदा की जाए वो कम है: CM
कश्मीर में ईंट-भट्ठों पर पहले भी प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी ईंट-भट्ठों पर सुरक्षा बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे, जिस ईंट-भट्ठे पर हमला हुआ, वहां भी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। अब पुलिस फुटेज की जांच कर आतंकियों की पहचान करने में जुटी है। इस इलाके में 20 से ज्यादा ईंट-भट्ठे मौजूद हैं, जहां बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के मजदूर काम करते हैं। हमले के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि CM ने कुलगाम में दो मजदूरों की कायराना हत्या की कड़ी निंदा की है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से दोनों मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से 6-6 लाख रुपए की तत्काल सहायता भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह बहुत अफसोसजनक बात है। बाहर से जो लोग कश्मीर में काम करने आए थे, उन बेगुनाह लोगों को निशाना बनाया गया। इस हमले की जितनी निंदा की जाए वो कम है।
मैंने निर्देश दिया है कि आतंकवादियों को खत्म करें: उपराज्यपाल
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने डीजीपी नलिन प्रभात और सुरक्षा अधिकारियों से बात कर हालात की जानकारी ली। उपराज्यपाल ने सुरक्षाबलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आतंकियों को खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि मैंने DGP नलिन प्रभात और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों से बात की। मैं इस कायरतापूर्ण हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने सुरक्षाबलों को निर्देश दिया है कि वे अपने ऑपरेशन तेज करें और आतंकवादियों को खत्म करें। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इन परिवारों के साथ खड़ा है। (Lashkar Suspected of Murder)
राज्य का दर्जा सबकी मांग है: डिप्टी CM सुरिंदर
जम्मू कश्मीर के डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने कहा कि हम जब-जब राज्य का दर्जा बहाल करने की बात करते हैं, कोई न कोई ऐसा हादसा हो जाता है जिससे जम्मू-कश्मीर के लोगों के राज्य दर्जा की मांग, धरी की धरी रह जाती है। मैं प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से अनुरोध करना चाहूंगा कि आप जम्मू-कश्मीर को लेकर कोई हाई-लेवल कमेटी बनाइए। जो हादसा पहलगाम में हुआ, अनंतनाग में हुआ, कुलगाम में हुआ, इन सभी की जांच होनी चाहिए। कौन वो लोग हैं जो नहीं चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में शांति आए। इसकी पहचान होनी चाहिए। अगर पाकिस्तान है तो पाकिस्तान के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है। चौधरी ने आगे कहा कि राज्य का दर्जा सबकी मांग है। उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री अपना वादा निभाएंगे। उन्होंने कहा था कि चुनाव के बाद राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा। हमने दिल्ली जाकर उन्हें उनका वादा याद दिलाया। भाजपा के जो लोग यहां रोज बातें करते हैं, वे भी दिल से चाहते हैं कि राज्य का दर्जा हो, लेकिन मजबूरी है, बोल नहीं पाते। (Lashkar Suspected of Murder)
इसकी ईमानदारी से तहकीकात होनी चाहिए: फारूक
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि बहुत अफसोस है। किसने मारा है, यह नहीं पता है। इसकी ईमानदारी से तहकीकात होनी चाहिए। मुझे नहीं पता कि यह उसी समय क्यों होता है, जब हम राज्य का दर्जा मांग रहे होते हैं। इस पर भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला ने कुलगाम में हुए आतंकी हमले पर बहुत ही गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया है। उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। ये राष्ट्र पर हमला है, ये इंसानियत पर हमला है। ऐसे समय में सभी राजनीतिक दलों को एक होकर आतंकवाद के खिलाफ बोलना है। भाजपा नेता रैना ने आगे कहा कि कायर पाकिस्तानी आतंकवादियों ने एक बार फिर कश्मीर घाटी को लहूलुहान किया है। निहत्थे और निर्दोष मजदूरों को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम इलाके में निशाना बनाया गया। पाकिस्तान के दरिंदे आतंकियों ने इंसानियत को तार-तार किया है। एक तरफ यहां कश्मीर घाटी में अमरनाथ की यात्रा सुचारू ढंग से चल रही है, वहीं बुजदिल और कायर पाकिस्तानी आतंकवादी हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि कश्मीर घाटी में शांति और भाईचारे में खलल आए।
आतंकवादियों की मंशा कभी पूरा नहीं होने देंगे: रैना
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के जो मंसूबे हैं, आतंकवादियों की जो मंशा है, उसे हम कभी पूरा नहीं होने देंगे। आतंकवाद का लगातार सफाया, कश्मीर घाटी में हुआ है। अब क्योंकि पाकिस्तान का अपना घर डगमगा रहा है, पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर, वहां की जनता पाकिस्तान के खिलाफ एक तूफान उठाया है। इसी दौरान पाकिस्तान और उसके आतंकवादियों ने इंसानियत का कत्ल दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में किया है। इसकी भारी कीमत इन आतंकवादियों को चुकानी पड़ेगी। भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने उस क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। वहां बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है, जिन आतंकवादियों ने ये जघन्य अपराध किया है, जिन आतंकवादियों ने कश्मीर को लहूलुहान किया है, उन्हें किसी कीमत पर माफ नहीं किया जाएगा। पाताल से भी उन्हें ढूंढकर निकाला जाएगा और उन्हें उनके गुनाहों की सजा दी जाएगी। छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि वहां हमारे विपक्ष के नेता सत शर्मा भी सक्रिय रूप से शामिल हैं। मैंने परिजनों से भी बात की है। उन्होंने बताया कि आतंकवादी आए, बैठे और दस मिनट तक बातचीत की और उसके बाद ही गोलीबारी की। यह एक कायराना हरकत है।
जम्मू-कश्मीर का हर इंच भारत का है: डिप्टी CM शर्मा
डिप्टी CM शर्मा ने कहा कि कोई कितना भी सोचे, जम्मू-कश्मीर का हर इंच भारत का है और भारतीय वहां जाएंगे और रहेंगे। यह भारत की जमीन है। इसमें कोई शक नहीं होना चाहिए। भारत ऐसी खोखली धमकियों से डरेगा नहीं। इन आतंकवादियों को जल्द ही ढूंढ निकाला जाएगा और इनका भी वही हश्र होगा जो इनके पहले वालों का हुआ था। वहीं जम्मू-कश्मीर की पूर्व CM महबूबा मुफ्ती ने कहा कि वह कुलगाम में दो मजदूरों की हत्या की बिना किसी शर्त के कड़ी निंदा करती हैं। उन्होंने कहा कि ये मजदूर अपने परिवारों का पालन-पोषण करने के लिए घर से दूर रहकर कड़ी मेहनत करते थे। ऐसे मेहनतकश और निर्दोष लोगों को इस तरह की निरर्थक हिंसा का निशाना बनाना बेहद क्रूर और दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई। फिलहाल कुलगाम में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। जांच एजेंसियां आतंकी मोहम्मद लतीफ और उसके साथियों की तलाश कर रही हैं। इस हमले के बाद एक बार फिर कश्मीर में प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।




