Google Analytics —— Meta Pixel

ट्रेनी IPS राहुल बंसल पर 1 करोड़ की रिश्वत का आरोप: CBI स्पेशल कोर्ट ने जारी किया नोटिस

रायपुर / नई दिल्ली : अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) में पदस्थ ट्रेनी IPS एवं CSP राहुल बंसल एक कथित रिश्वतकांड में कानूनी अड़चनों में घिर गए हैं। हरियाणा निवासी एक शिकायतकर्ता के परिवाद पर संज्ञान लेते हुए नई दिल्ली स्थित CBI की विशेष अदालत ने ट्रेनी IPS राहुल बंसल, अंबिकापुर साइबर सेल के एक एएसआई और एक आरक्षक को नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही अदालत ने छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मामले में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

हवाला के जरिए मांगी गई रकम का दावा

हरियाणा निवासी शिकायतकर्ता आकाश कुमार के अनुसार, अंबिकापुर में दर्ज शेयर ट्रेडिंग साइबर ठगी (करीब ₹20.15 लाख) के एक मामले की जांच के दौरान कार्रवाई को प्रभावित करने के एवज में ₹1 करोड़ की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह रकम कथित तौर पर हवाला नेटवर्क के जरिए पहुंचाई गई। परिवाद में साइबर सेल के ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा पर बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है।

CBI में सुनवाई न होने पर कोर्ट का रुख

शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 8 जून 2026 को CBI निदेशक से लिखित शिकायत कर FIR दर्ज करने की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 175(3) के तहत CBI स्पेशल कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। साक्ष्य के रूप में अदालत के समक्ष शपथ-पत्र, व्हाट्सएप चैट और कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग प्रस्तुत की गई हैं।

11 अगस्त को होगी अगली सुनवाई

मामले की सुनवाई कर रहे CBI स्पेशल कोर्ट के जज सुधांशु कौशिक ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर तय समय सीमा के भीतर DGP छत्तीसगढ़ से रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 11 अगस्त 2026 को तय की गई है।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में NEET-UG 2026 की प्रथम चरण काउंसिलिंग शुरू, MBBS-BDS प्रवेश के लिए 9 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन

Back to top button
error: Content is protected !!