शादी के 4 दिन बाद जेवर समेटकर दुल्हन फरार, ससुराल वालों ने लगाया ठगी का आरोप
कलेक्टर को ज्ञापन सौंप जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई; लड़की पक्ष पर लगाया 3-3 शादियों और ब्लैकमेलिंग का आरोप
अंबिकापुर/सरगुजा: विवाह के नाम पर धोखाधड़ी और ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से आए एक परिवार ने सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमगला गांव के एक परिवार पर विवाह के नाम पर ठगी करने और बेटे का जीवन बर्बाद करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों का दावा है कि शादी के महज चार दिन बाद ही नवविवाहिता घर में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गई। मामले में पीड़ित पक्ष ने सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
1 लाख नगद और जेवर लेकर कराया था विवाह
पीड़ित परिवार (निवासी बोढ़ी श्यामर, जिला छतरपुर, म.प्र.) के अनुसार, उनके बेटे का रिश्ता लखनपुर के जमगला गांव की युवती से तय हुआ था। शादी के एवज में लड़की पक्ष ने उनसे 1 लाख रुपये नगद और करीब 1 लाख रुपये के जेवरात लिए थे।
विदाई के 4 दिन बाद जेवर समेटकर हुई चंपत
ससुराल पहुंचने के महज चार दिन बाद दुल्हन संदिग्ध परिस्थितियों में घर में रखे सभी कीमती जेवर लेकर गायब हो गई। जब ससुराल वाले उसे ढूंढते और समझाकर वापस लाने जमगला गांव पहुंचे, तो वहां उनसे लड़की को वापस भेजने के एवज में 50 हजार रुपये अतिरिक्त देने की मांग की गई।
तीसरी शादी और पहले से शादीशुदा होने का गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार ने युवती और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवती पहले से शादीशुदा थी और यह उसकी तीसरी शादी थी। आरोपों के मुताबिक, युवती जमगला में ही एक अन्य शादीशुदा व्यक्ति के साथ उसकी दूसरी पत्नी के रूप में रह रही थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक व स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
पुलिस व प्रशासन से न्याय की गुहार
लगातार ब्लैकमेलिंग और ठगी से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने सरगुजा कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने ज्ञापन में विवाह के नाम पर हुई धोखाधड़ी की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़े :- ट्रेनी IPS राहुल बंसल पर 1 करोड़ की रिश्वत का आरोप: CBI स्पेशल कोर्ट ने जारी किया नोटिस



