क्रिश्चियन फोरम प्रमुख अरुण पन्नालाल पर कार्रवाई के बाद सियासत गरम, धर्मांतरण से फंडिंग तक उठे सवाल

Politics on Arun Pannalal: भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी करने के मामले में छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के प्रमुख अरुण पन्नालाल को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत और मामले को लेकर हिंदू संगठनों के विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामले में अरुण पन्नालाल के साथ हंसराज गोयल के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 352(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक इन धाराओं के तहत अलग-अलग समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से किए गए कृत्य और लोक शांति भंग करने के उद्देश्य से जानबूझकर किए गए अपमान से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- सेन समाज सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार : मुख्यमंत्री साय
अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी से पहले बीती रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आक्रोश जताया गया और कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद मामला और गरमा गया। बीजेपी नेता की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइन थाने में अरुण पन्नालाल और हंसराज गोयल के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया और सीजीएम कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने अरुण पन्नालाल की जमानत याचिका खारिज कर दी और उन्हें 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर डाले गए आपत्तिजनक पोस्ट को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मामले में पुलिस अब पोस्ट की सामग्री, उसे प्रसारित करने और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का बड़ा हमला
अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी सिर्फ एक घटना है। अरुण पन्नालाल को उन्होंने धर्मांतरण के नेटवर्क का किंगपिन बताया। अजय चंद्राकर ने कहा कि अरुण पन्नालाल की पूरी हिस्ट्री की जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि पन्नालाल स्वयं कब धर्मांतरित हुए, उन्हें किन-किन संस्थाओं से पैसा मिला, उस पैसे का इस्तेमाल कहां हुआ और उनकी आजीविका का स्रोत क्या है, इन सभी पहलुओं की प्रशासन को जांच करनी चाहिए। बीजेपी विधायक ने विदेशी फंडिंग का भी आरोप लगाया और कहा कि इन तमाम पहलुओं की जांच किए जाने की जरूरत है। (Politics on Arun Pannalal)
कांग्रेस ने भी की आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा
वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हिंदू देवी-देवताओं को लेकर की गई किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट की निंदा करती है। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने ऐसी टिप्पणी की है तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि सुशील आनंद शुक्ला ने बजरंग दल और आरएसएस से जुड़े लोगों पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इसकी भी निंदा करती है। उन्होंने सरकार से आत्मावलोकन करने की बात कही कि ऐसी परिस्थितियां पैदा क्यों हुईं। संचार प्रमुख ने धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोगों को उकसाकर कार्रवाई करने के बजाय कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान सभी लोगों का है और यहां संत-महात्माओं का सम्मान किया जाता है।
पुलिस ने क्या कहा ?
रायपुर के डीसीपी मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल के मुताबिक मामले में शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज किया गया था और जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने BNS की धारा 196, 299 और 352(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, अलग-अलग समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने और लोक शांति प्रभावित करने वाले कृत्यों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी के बाद मामला अब सिर्फ कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बीजेपी जहां इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामले के तौर पर देखते हुए पन्नालाल की गतिविधियों और फंडिंग की व्यापक जांच की मांग कर रही है।
भगवान शिव पर टिप्पणी पर विवाद
वहीं कांग्रेस ने आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा करते हुए कानून के तहत कार्रवाई का समर्थन किया है। कांग्रेस ने बजरंग दल और आरएसएस से जुड़े लोगों पर माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल अरुण पन्नालाल न्यायिक रिमांड पर हैं। पुलिस मामले में सोशल मीडिया पोस्ट की जांच के साथ-साथ एफआईआर में नामजद दूसरे आरोपी हंसराज गोयल की भूमिका और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। सावन में शिवभक्ति के बीच उठे इस विवाद ने अब सियासत भी गरमा दी है। एक तरफ गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई है तो दूसरी तरफ धर्मांतरण और फंडिंग के आरोप, अब जांच के साथ सियासी बयानबाजी पर भी सबकी नजर है, क्योंकि भगवान शिव पर टिप्पणी का मामला कानूनी के साथ ही सियासी रंग भी ले चुका है। गिरफ्तारी के बाद अब आरोपों की सियासत कितनी दूर तक जाती है, ये देखना होगा। (Politics on Arun Pannalal)



