मानसून फिर हुआ मेहरबान: रायपुर समेत प्रदेश भर में बारिश से उमस से मिली राहत, दुर्ग रहा सबसे गर्म

CG Weather Alert : दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा पर बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के असर से छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर और बीजापुर जिले में एक-दो स्थानों पर सर्वाधिक वर्षा हुई। देर शाम हुई बारिश से राजधानीवासियों को उमस से राहत मिली, जिससे रायपुर का अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। (CG Weather Alert)
दुर्ग में सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में रहा। प्रदेश में अब तक की कुल मौसमी वर्षा सामान्य से 7 प्रतिशत कम रही है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के जिलों में अगले 24 से 48 घंटों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर संभाग समेत अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। (CG Weather Alert)
दो मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश में बारिश के पीछे दो प्रमुख सिस्टम काम कर रहे हैं:
कम दबाव का क्षेत्र: उत्तरी ओडिशा और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सिस्टम समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला है, जिससे बड़ी मात्रा में नमी आ रही है।
मानसून ट्रफ: मानसून ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियों को और मजबूती मिल रही है।



