हरियाली के संदेश के साथ मनाया विश्व आदिवासी दिवस
शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में बच्चों ने आदिवासी वेशभूषा में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रायपुर। शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने आदिवासी संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने पेड़ों के पत्तों को वस्त्र के रूप में उपयोग कर आदिवासी स्वरूप धारण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आदिवासी संस्कृति और जंगल सत्याग्रह की जानकारी
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के आदिवासी समाज द्वारा किए गए जंगल सत्याग्रह तथा देश की स्वतंत्रता में उनके योगदान के बारे में बच्चों को जानकारी दी गई। साथ ही आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली से बच्चों को परिचित कराया गया। इसके बाद बच्चों ने आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसका उपस्थित विद्यार्थियों ने आनंद लिया। अपने साथियों को अलग रूप में देखकर बच्चों में भी खास उत्साह नजर आया।

‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ’ का दिया संदेश
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने ‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ’ के नारे लगाए। बच्चों ने अपने आसपास के क्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, घर एवं आसपास पौधे लगाने तथा वातावरण को स्वच्छ एवं साफ रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आदिवासी स्वरूप में भाग लेने वाले बच्चों को कलम देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
हर शनिवार बच्चों के लिए होता है विशेष कार्यक्रम
शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू ने बताया कि बच्चों को अपने आसपास होने वाली घटनाओं और सामाजिक परिवेश से परिचित कराना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। बच्चों में सामाजिक मूल्यों की समझ विकसित करने, अच्छी आदतों का विकास करने, प्रस्तुतीकरण क्षमता बढ़ाने तथा डर और झिझक दूर करने के उद्देश्य से विद्यालय में हर शनिवार विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी के प्रधान पाठक रघुवीर निषाद, शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू, राकेशपुरी गोस्वामी, पुरुषोत्तम बघेल, देवकुमारी साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :- जमानत के लिए तांत्रिक अनुष्ठान! श्मशान घाट में मिली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की फोटो, मचा हड़कंप



