Google Analytics —— Meta Pixel

Trending

अनमोल दृष्टि एपिसोड-10 : सत्ता, सिस्टम और सच, शासन और राजनीति के घटनाक्रमों पर एक नजर: अशोक कुमार साहू “पत्रकार” रायपुर

Anmol Drishti Episode 10 : रविवार, 09 अगस्त 2026 का प्रस्तुत है साप्ताहिक कॉलम “अनमोल दृष्टि”। सत्ता, शासन-प्रशासन और जनसरोकारों से जुड़े प्रमुख घटनाक्रमों पर हर सप्ताह संतुलित, तथ्यपरक और बेबाक नजर। हमारा उद्देश्य केवल खबरें बताना नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपे संकेतों और प्रभावों को समझना है। आइए, देखते हैं इस सप्ताह सत्ता, सिस्टम और सच की प्रमुख हलचलें।

सत्ता, सिस्टम और सियासत की हलचलें

छत्तीसगढ़ की सियासत में अगस्त का पहला सप्ताह सिर्फ सरकारी फैसलों और योजनाओं तक सीमित नहीं रहा। राजधानी से लेकर जिलों तक प्रशासनिक फैसले, अधिकारियों की कार्यशैली, पुलिस भर्ती, जनप्रतिनिधियों की नाराजगी और राजनीतिक मामलों की कानूनी गूंज चर्चा में रही। यही है इस सप्ताह की ‘अनमोल दृष्टि’ सत्ता, सिस्टम और सच के बीच की दूरी पर एक नजर। (Anmol Drishti Episode 10)

1. कलेक्टर का कारण बताओ नोटिस और बढ़ती चर्चा : प्रशासनिक सख्ती या संवाद की कमी?

छत्तीसगढ़ के एक कलेक्टर द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का मामला अब अनुसूचित जनजाति आयोग तक शिकायत पहुंचने के बाद चर्चा में आ गया है। प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ा यह प्रकरण इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि संबंधित कलेक्टर की कार्यशैली पिछले कुछ महीनों से अलग-अलग घटनाओं को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है।

प्रशासनिक कार्रवाई केवल निचली इकाइयों तक सीमित न रहकर जब शीर्ष स्तर (जैसे अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारियों द्वारा असंतोष जताना या आयोग का दरवाजा खटखटाना) तक पहुँचती है, तो यह संवादहीनता या कार्यप्रणाली के टकराव को उजागर करती है।

पहले सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का पीछे से स्वागत किए जाने की तस्वीर और उसके बाद योग कार्यक्रम में स्थानीय विधायक का फोटो नहीं लगाए जाने का मामला चर्चा में आया था। अब कारण बताओ नोटिस और आयोग तक पहुंची शिकायत ने पुराने प्रसंगों को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

2. पुलिस भर्ती चयन पर सवाल : परीक्षा खत्म, विवाद की ‘मेरिट लिस्ट’ शुरू!

पुलिस भर्ती चयन प्रक्रिया से जुड़ा मामला भी इस सप्ताह चर्चा में रहा। सीजीपीएससी के माध्यम से हुई चयन प्रक्रिया को लेकर न्यूज और ‘स्पेशरानी’ नाम के चयन से संबंधित सवाल सामने आने की बात कही जा रही है। मामला अब धीरे-धीरे तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे मामलों में सबसे महत्वपूर्ण चीज आरोप या चर्चा नहीं, बल्कि पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और तथ्यात्मक स्थिति होती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, CGPSC ने बयान जारी कर बताया कि ऑनलाइन फॉर्म में जो जानकारी अभ्यर्थी दर्ज करते हैं, वही रिजल्ट में दिखती है; इसमें कोई मैन्युअल बदलाव नहीं होता। भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी सवाल हल करते हैं, लेकिन परिणाम आने के बाद कई बार सवाल ही अभ्यर्थी बन जाते हैं। अब जरूरत इस बात की है कि जिस भी स्तर पर सवाल उठे हैं, वहां तथ्य सामने आएं और यदि प्रक्रिया में सब कुछ नियमों के अनुरूप है तो संदेह की धुंध भी साफ हो। क्योंकि “पुलिस भर्ती में सिर्फ नौकरी नहीं मिलती” व्यवस्था पर भरोसा भी भर्ती होता है।

3. भूपेश बघेल की चुनाव याचिका : 2023 का चुनावी अध्याय अभी बाकी

2023 के विधानसभा चुनाव से जुड़ी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ चुनाव याचिका का मामला भी इस सप्ताह चर्चा में रहा। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले को शुरुआती स्तर पर समाप्त करने की कोशिश सफल नहीं हुई और प्रकरण के आगे बढ़ने का रास्ता खुला रहा।

चुनाव खत्म हो चुका है, सरकार बदल चुकी है, लेकिन चुनावी विवाद की कानूनी यात्रा अभी जारी है। चुनाव पांच साल के लिए होते हैं, लेकिन कुछ चुनावी विवादों की ‘पारी’ पांच साल से भी लंबी हो जाती है। सियासत में परिणाम जल्दी आ जाता है, मगर कानूनी निष्कर्ष अपनी गति से चलते हैं। फिलहाल गेंद अदालत के पाले में है और राजनीतिक गलियारों में इसकी गूंज बनी रहना स्वाभाविक है।

4. राजधानी में विवाद के बाद अब रायपुर से लगे लोकसभा क्षेत्र में भी सांसद की नाराजगी!

राजधानी में सांसद और आईएएस अधिकारी से जुड़े विवाद के बाद अब रायपुर से लगे लोकसभा क्षेत्र के सांसद की खुलकर नाराजगी सामने आने की चर्चा राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में है। सांसद का आरोप है कि ये अधिकारी उनके फोन कॉल रिसीव नहीं करते हैं और न ही उनके पत्रों का जवाब देते हैं। जानकारी के अनुसार, “अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए लोकसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन का नोटिस/शिकायत सौंपी है।”

जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच समन्वय लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। सांसद जनता के प्रतिनिधि हैं और अधिकारी सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण हिस्से। दोनों के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, शासन उतना ही प्रभावी दिखाई देगा।

5. धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम लागू : आस्था निजी, लेकिन प्रक्रिया सरकारी

छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम-2026 लागू हो गया है। नए प्रावधानों के तहत धर्म परिवर्तन से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रशासन को सूचना देने का प्रावधान है। जबरन या अवैध मतांतरण के मामलों में कड़े दंड का प्रावधान भी किया गया है।

सरकार का तर्क कानून के माध्यम से जबरन या अनुचित धर्मांतरण पर नियंत्रण और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। अब धर्म बदलने से पहले प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यानी आस्था निजी हो सकती है, लेकिन फॉर्म सरकारी ही रहेगा!

6. 700 शिक्षकों का तबादला : सूची आई तो सवाल भी साथ आए

शिक्षा विभाग ने करीब 700 शिक्षकों के तबादले की सूची जारी की। बताया गया कि प्रारंभिक स्तर पर बड़ी संख्या में नामों पर विचार हुआ था और जांच-पड़ताल के बाद अंतिम सूची में कई नाम शामिल नहीं किए गए। कुछ शिक्षक संगठनों की ओर से प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए और पारदर्शी स्थानांतरण नीति की मांग सामने आई।

शिक्षक पढ़ाते हैं “स्थानांतरण का पाठ सिस्टम पढ़ाता है”! सवाल यह नहीं कि तबादले हुए या नहीं। सवाल यह है कि किस आधार पर हुए? यदि प्रक्रिया स्पष्ट, नीति पारदर्शी और निर्णय नियमसम्मत है तो विवाद की गुंजाइश कम होगी। वरना हर ट्रांसफर लिस्ट के साथ एक नई ‘कहानी’ भी जन्म लेती रहेगी।

7. ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ : 6,671 बालिका शौचालयों की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत ग्रामीण स्कूलों में 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण की घोषणा की है। यह पहल केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि स्कूलों में बालिकाओं की सुविधा, स्वच्छता और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

बालिका शौचालय ऐसी सुविधा है जिसकी तस्वीर से ज्यादा जरूरत उसकी चाबी और उपयोगिता की होती है। घोषणा से शुरुआत हो सकती है, लेकिन सफलता तब मानी जाएगी जब दूरदराज के स्कूल में पढ़ने वाली बेटी कहे “हां, मेरे स्कूल में यह सुविधा सचमुच है।”

8. 500 करोड़ का AI मिशन : अब फाइलें भी ‘इंटेलिजेंट’ होंगी?

कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। पांच वर्षों में ₹500 करोड़ के इस मिशन के तहत AI डेटा लैब, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, स्टार्टअप्स को सहयोग, विद्यार्थियों और सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण तथा AI आधारित सरकारी सेवाएं विकसित करने की योजना है। यह पहल छत्तीसगढ़ को तकनीक आधारित प्रशासन की दिशा में आगे ले जाने वाली महत्वपूर्ण कोशिश मानी जा सकती है।

अगर AI इतना स्मार्ट हो जाएगा कि सरकारी कामकाज को गति दे सके, तो उम्मीद है कि एक दिन वह किसी सरकारी फाइल को देखकर यह सवाल भी पूछेगा “साहब, यह फाइल इतनी देर से क्यों घूम रही है?” AI का असली कमाल तब होगा जब तकनीक सिर्फ प्रस्तुति और डेटा तक सीमित न रहे, बल्कि आम आदमी के काम की गति बढ़ाए। Anmol Drishti Episode 10

यह भी पढ़ें : अनमोल दृष्टि एपिसोड-09: सत्ता, सिस्टम और सच, शासन और राजनीति के घटनाक्रमों पर एक नजर: अशोक कुमार साहू “पत्रकार” रायपुर

(यह कॉलम सार्वजनिक चर्चाओं, प्रचलित राजनीतिक-प्रशासनिक घटनाक्रमों और विभिन्न स्रोतों से प्राप्त संकेतों पर आधारित विश्लेषणात्मक प्रस्तुति है। इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा संस्था की प्रतिष्ठा को प्रभावित, धूमिल करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े विषयों पर विमर्श को आगे बढ़ाना है। Anmol Drishti Episode 10) 

Back to top button
error: Content is protected !!