Google Analytics —— Meta Pixel

आश्रम स्कूल में आधी रात को घुसा ज़हरीला सांप, सोते समय डसने से 3 छात्राओं की मौत

गढ़चिरोली/धानोरा। महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले के धानोरा तालुका अंतर्गत जपटलाई स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय आश्रम स्कूल में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा सामने आया है। फर्श पर सो रही तीन छात्राओं को ज़हरीले सांप ने डस लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आश्रम स्कूल परिसर सहित पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुबह चली मौत की भनक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जपटलाई के इस आवासीय आश्रम स्कूल में सैकड़ों छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। शनिवार रात रोजाना की तरह छात्राएं अपने कमरे में सो रही थीं। देर रात किसी ज़हरीले सांप ने तीन छात्राओं को डस लिया। सुबह जब साथी छात्राओं और स्कूल प्रशासन को घटना की जानकारी मिली, तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं। शवों को गढ़चिरोली के जिला सामान्य अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रशासनिक अमले में हड़कंप, जांच के आदेश

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनजातीय विकास मंत्री अशोक उइके ने तुरंत संज्ञान लेते हुए परियोजना अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर जायजा लेने का निर्देश दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

इस त्रासदी के बाद आश्रम स्कूल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं:

  • क्या स्कूल परिसर में प्राथमिक उपचार या एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध था?
  • छात्राओं को समय पर अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया जा सका?
  • परिसर की सुरक्षा और देखरेख में किसकी लापरवाही रही?

घटना के बाद से आश्रम में रह रही अन्य छात्राओं और अभिभावकों के बीच दहशत का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़े :- अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है भारत: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Back to top button
error: Content is protected !!