Google Analytics —— Meta Pixel

‘नरेंदर’ नाम का खौफ! जब पाकिस्तानी बॉक्सर का दर्द सुनकर पीएम मोदी भी नहीं रोक सके हंसी, पढ़े पूरी खबर

नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय एथलीटों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान 90+ किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने वाले भारतीय मुक्केबाज नरेंदर ने एक ऐसा दिलचस्प किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक सके और ठहाके लगाने लगे।

‘चाहे जो हो जाए, पाकिस्तान से नहीं हारना है’

मुक्केबाज नरेंदर ने साल 2015 के ‘वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स’ का एक संस्मरण साझा करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में उनकी पहली ही फाइट एक पाकिस्तानी मुक्केबाज के खिलाफ थी। मुकाबले से ठीक पहले उन्हें भारतीय सेना से फोन आया कि ‘चाहे जो हो जाए, पाकिस्तान से नहीं हारना है।’

नरेंदर ने दबाव के बावजूद पहला राउंड 4-1 से अपने नाम किया। हालांकि, दूसरे बाउट में पाकिस्तानी बॉक्सर से कड़ी टक्कर मिली। कड़े मुकाबले के दौरान दोनों मुक्केबाजों के सिर आपस में टकरा गए, जिससे दोनों के चेहरे पर गहरी चोट (कट) आ गई। इसके बावजूद नरेंदर ने यह बाउट 3-2 से जीत लिया।

‘आपके देश में हर तरफ नरेंदर ही हैं’

मुकाबले के बाद चोटिल होने के कारण दोनों मुक्केबाजों को एक ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। नरेंदर ने बताया, “अस्पताल में उस पाकिस्तानी बॉक्सर ने मुझसे कहा— ‘भाई, एक बात कहूं? आपका नाम नरेंदर है, आपके कोच (नरेंदर राणा) का नाम नरेंदर है और आपके देश के प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र (मोदी) है। मुझे तो अब इस नरेंदर नाम से ही नफरत हो गई है!'”

बॉक्सर के इस बयान का जिक्र आते ही वहां मौजूद प्रधानमंत्री मोदी और अन्य एथलीट जोर-जोर से हंस पड़े।

भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन

गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण (Gold) सहित कुल 39 पदक अपने नाम किए। इनमें केवल मुक्केबाजी टीम (पुरुष एवं महिला) ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 10 मेडल देश की झोली में डाले। नरेंदर ने 90+ किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के डामार थॉमस से पराजित होकर रजत पदक (Silver Medal) हासिल किया।

यह भी पढ़े :- आश्रम स्कूल में आधी रात को घुसा ज़हरीला सांप, सोते समय डसने से 3 छात्राओं की मौत

Back to top button
error: Content is protected !!