विश्व आदिवासी दिवस पर मूलनिवासी जुराव कार्यक्रम में अमित बघेल ने कहा- “छत्तीसगढ़िया मन खुद नीति बनाही अउ खुद राज करही, तब पूरा होही पुरखा मनके सपना”

गरियाबंद। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, गरियाबंद द्वारा आयोजित “मूलनिवासी जुराव” कार्यक्रम में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने आदिवासी समाज, मूलनिवासी छत्तीसगढ़िया समुदाय की संस्कृति, भाषा, पहचान और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों को लेकर ओजपूर्ण संबोधन दिया।
अमित बघेल ने कहा कि “हमर पुरखा मन जो सपना छत्तीसगढ़ राज बनाये के बेरा देखे रहिस, वो छत्तीसगढ़ राज तब बनही जब छत्तीसगढ़िया मन खुद नीति बनाही अउ खुद राज करही।” उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण केवल भौगोलिक सीमाओं के लिए नहीं, बल्कि यहां के मूलनिवासी समाज की पहचान, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भी हुआ है।
उन्होंने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ देश में आजादी का पहला बिगुल फूंकने वाले शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की माटी के लाल थे। वहीं बस्तर के जंगलों से शहीद वीर गुंडाधुर ने अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर वह सम्मान और महत्व नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार हैं।
“छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों के हक के लिए छह जन्म भी जेल जाना पड़े तो मंजूर”
हसदेव अरण्य में जंगल कटाई के विरोध में अपने आंदोलन का उल्लेख करते हुए अमित बघेल ने कहा कि “हसदेव जंगल कटाई के विरोध में आंदोलन करते हुए छह महीना जेल में रहा हूं। हमारे मूलनिवासी छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों के हक-अधिकार के लिए छह जन्म भी जेल में रहना पड़े, तो मुझे मंजूर है।”
उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि आदिवासी एवं मूलनिवासी समाज की जीवन-व्यवस्था, संस्कृति और अस्तित्व का आधार हैं। इनके संरक्षण की लड़ाई को मजबूत करने के लिए समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।
“आपके एक वोट की कीमत लुगरा, डालडा, कुकरा-बोकरा या पउवा दारू नहीं”
राष्ट्रीय राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए अमित बघेल ने कहा कि चुनाव के समय आम मतदाता के वोट को छोटी-छोटी वस्तुओं और प्रलोभनों से जोड़ दिया जाता है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि “आपके एक वोट की कीमत इन लोगों ने एक लुगरा, एक डालडा की सांटी, दो टूसा कुकरा-बोकरा या फिर एक पउवा दारू तय कर रखी है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि आज तक राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को यह स्पष्ट रूप से क्यों नहीं बताया कि उनके वोट के बदले बेहतर शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार कैसे सुनिश्चित किया जाएगा।
अमित बघेल ने समाज से अपने वोट की ताकत और उसके महत्व को समझने तथा अपने अधिकारों, संस्कृति, भाषा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की बात कही।
कार्यक्रम में आदिवासी समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य मूलनिवासी समाज के बीच सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूकता को मजबूत करना रहा।
यह भी पढ़े :- जब दिल्ली के मंच पर जीवंत हुई छत्तीसगढ़ की पंडवानी परंपरा



