चलती बोलेरो में शराब की बोतल थामे युवक ने किया खतरनाक स्टंट, ड्राइवर गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर रील बनाने का मामला; मानिकपुर पुलिस ने वाहन जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की कार्रवाई
कोरबा। सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स पाने के चक्कर में युवाओं द्वारा जान जोखिम में डालकर रील बनाने का चलन थम नहीं रहा है। ताजा मामला जिला मुख्यालय के हेलीपैड क्षेत्र से सामने आया है, जहां चलती बोलेरो गाड़ी में एक युवक खिड़की से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता नजर आया। वायरल वीडियो में युवक के हाथ में शराब की बोतल भी साफ दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई मानिकपुर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है।
रील बनाने के लिए जोखिम में डाली जान
जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक बोलेरो वाहन (क्रमांक CG 12 BK 5855) में सवार होकर हेलीपैड क्षेत्र पहुंचे थे। वायरल वीडियो में चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर लटककर एक युवक स्टंट कर रहा था। इस दौरान गाड़ी में तेज रफ्तार और लापरवाही साफ देखी जा सकती थी, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन और उसमें सवार युवकों की शिनाख्त की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो चालक राहुल पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज हासिल करने के लिए यह स्टंट किया था।
हेलीपैड क्षेत्र बना स्टंटबाजों का अड्डा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कोरबा का हेलीपैड क्षेत्र खुले स्थान के कारण युवाओं के लिए रील बनाने और स्टंटबाजी का जरिया बन गया है। पहले भी यहाँ इस तरह की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं, जिससे राहगीरों और आम जनता की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ का लोक-पर्व: हरेली तिहार



