15 अगस्त से पहले दिल्ली को दहलाने की साजिश, तीन बड़े आतंकी संगठनों का खौफनाक गठजोड़, 19 आतंकियों के पोस्टर जारी

Delhi Terror Threat 2026: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से ठीक पहले देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकियों के निशाने पर आ गई है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद कर दिया गया है। एक तरफ जहां ऐतिहासिक लाल किले और पूरे शहर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने संभावित खतरों को देखते हुए राजधानी के प्रमुख इलाकों में वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। राजधानी को दहलाने के लिए इस बार तीन खतरनाक आतंकी संगठनों ने आपस में हाथ मिला लिया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक अलकायदा, इंडियन मुजाहिदीन (IM) और खालिस्तानी आतंकी मॉड्यूल मिलकर दिल्ली में किसी बड़ी और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
यह भी पढ़ें:- नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सजेगा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का रंग: हरेली तिहार पर होगा विशेष आयोजन
खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 15 अगस्त से ठीक पहले आतंकी संगठन लाल किले या अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं। इस नापाक मंसूबे को पूरा करने के लिए तीन अलग-अलग मॉड्यूल एक साथ आ गए हैं। किसी भी संभावित अनहोनी से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं और लगातार मॉक ड्रिल के जरिए अपनी तैयारियों को परखा जा रहा है। राजधानी की सुरक्षा में सेंध लगाने की फिराक में घूम रहे कुल 19 आतंकियों की सूची दिल्ली पुलिस ने जारी की है, जिन्हें तलाश किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस को इंडियन मुजाहिदीन के 5 ऐसे आतंकियों की तलाश है, जो बड़े हमलों को अंजाम देने में माहिर हैं। इसमें कर्नाटक के कुख्यात भटकल ब्रदर्स और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला मोहम्मद खालिद भी शामिल है।

अलकायदा मॉड्यूल के 6 आतंकियों की तलाश
अलकायदा के 6 आतंकी दिल्ली पुलिस के रडार पर हैं। इस मॉड्यूल में मोहम्मद शरजील अख्तर (संभल, उत्तर प्रदेश), मोहम्मद रेहान (सीलमपुर, दिल्ली), अबू सूफियान (झारखंड), सैयद मोहम्मद आर्शियान, मोहम्मद शहीद फैजल उर्फ उस्ताद (बेंगलुरु) और मोहम्मद उमर (हैदराबाद) का नाम शामिल हैं। इस गठजोड़ का तीसरा खतरनाक हिस्सा खालिस्तानी आतंकी संगठनों का है, जिसके तहत 8 आतंकियों के नाम सूची में शामिल हैं। बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के तहत वाधवा सिंह बब्बर, पुरुषोत्तम सिंह पम्मा, हरविंदर सिंह रिंदा, गुरमीत सिंह बग्गा और भूपेंद्र सिंह भिंडा शामिल हैं, जबकि खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) में रणजीत सिंह और परमजीत सिंह पम्मा के नाम हैं और खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) की सूची में अर्शदीप सिंह डाला का नाम शामिल है। (Delhi Terror Threat 2026)

चप्पे-चप्पे पर पहरा, हाईअलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
राजधानी में मंडरा रहे इस बड़े आतंकी खतरे को देखते हुए रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, प्रमुख बाजारों, ऐतिहासिक स्मारकों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को अत्यधिक कड़ा कर दिया गया है। राजधानी के चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, ताकि आतंकियों के किसी भी खतरनाक मंसूब्रे को समय रहते नाकाम किया जा सके। बता दें कि हर साल 15 अगस्त के मद्देनजर एहतियात के तौर पर इस तरह के वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर सार्वजनिक जगहों पर लगाए जाते हैं, ताकि आम जनता भी सतर्क रहे और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचा सके। (Delhi Terror Threat 2026)




