Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का विमोचन, PM मोदी बोले- लोकतंत्र और समाज के लिए धरोहर बनेगी किताब

Ramnath Kovind Autobiography: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘ट्रायम्फ ऑफ द इंडियन रिपब्लिक: माई लाइफ, माई स्ट्रगल्स’ का विमोचन किया। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनकी पत्नी सविता कोविंद समेत कई लोग मौजूद रहे। PM मोदी ने कहा कि कार्यक्रम का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हो रही है। यह किताब भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक ताकत और संभावनाओं को दर्शाती है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की यह किताब प्रेरणादायक है। इसमें सांसद, राज्यपाल और भारत के राष्ट्रपति के तौर पर उनके संघर्षों, सेवा और अहम योगदान को बहुत अच्छे ढंग से दिखाया गया है। रामनाथ कोविंद ने जन-सेवा को अपने जीवन का मार्ग चुना और हमेशा अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे। उनका समर्पण और सेवा-भाव हर भारतीय के लिए प्रेरणा है।

यह भी पढ़ें:- विजन 2047 की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़: उद्योगों से आत्मनिर्भर और समृद्ध भविष्य की नई पहल

PM मोदी ने कहा कि कोविंद जी से मेरा बहुत लंबा परिचय रहा है, उन्हें करीब से जानने का भी अवसर मिला और राष्ट्रपति के रूप में उनका मार्गदर्शन और इस सबके साथ-साथ उनका मेरे प्रति विशेष स्नेह, उनकी आत्मीयता, ये मेरी बहुत बड़ी पूंजी रही है। मैंने उनके जीवन को जितना समझा है, उनकी कार्यक्षमताओं को जितना जाना है, मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि रामनाथ कोविंद की ऑटो-बायोग्राफी अपने आप में भारतीय लोकतंत्र और भारतीय समाज के लिए एक धरोहर बनेगी। कोविंद जी की जीवन यात्रा, समाज और राष्ट्र के लिए उनका योगदान, ऐसा कितना कुछ है, जिसके बारे में मैं विस्तार से बात कर सकता हूं, लेकिन बुक रिलीज में सिर्फ ‘कर्टन रेजर’ ही होना चाहिए। आप सब किताब का पूरा लाभ पढ़कर ही लें तो ही ज्यादा अच्छा है। कोविंद जी की जीवन यात्रा को आप उनके शब्दों में जानें, उनकी लेखनी को, उनके अनुभवों को देश की नई पीढ़ी पढ़े, इससे हर किसी को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। मैं रामनाथ कोविंद जी को इस आत्मकथा के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। (Ramnath Kovind Autobiography)

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविंद जी ने अपनी इस पुस्तक को बहुत ही सटीक नाम दिया है- ‘Triumph of the Indian Republic: My Life, My Struggles’ कहने का भाव ये कि जीवन और जीवन के संघर्ष उनके व्यक्तिगत हैं, लेकिन उन संघर्षों के परिणामस्वरूप मिली जीत, भारत के गणतंत्र की है, भारत के लोकतंत्र की है। हम सब अक्सर अनुभव करते हैं कि इंसान का एक स्वभाव होता है, लोग अपनी सफलता का श्रेय खुद को देते हैं और जीवन की मुश्किलों के लिए, कठिनाइयों के लिए समाज को जिम्मेदार ठहराते हैं, लेकिन जब हृदय उदार हो, भारतीय संस्कार हों, तब व्यक्ति समाज की कमियां निकालने में समय नहीं गंवाता, वो उसके सकारात्मक पक्ष पर फोकस करता है, वो अपनी सफलता में समाज को बराबर का भागीदार मानता है। कोविंद जी की आत्मकथा और उसका शीर्षक इसके उदाहरण हैं। आप उनका जीवन देखिए, एक बेहद सामान्य परिवार में, कानपुर देहात में उनका जन्म हुआ। कोविंद जी ने अभी भी कुछ वर्णन किया और अपनी किताब में भी लिखा है, कैसे गर्मी के मौसम में एक दिन उनके घर में आग लग गई, उनकी मां अपनी चिंता छोड़कर घर की चीजों को बचा रही थी। 

उन्होंने कहा कि आखिर एक सामान्य परिवार में मां के लिए एक-एक चीज बच्चों के पालन-पोषण का जरिया होती है। उसी कोशिश में आग में फंसकर उनकी माता जी की मृत्यु हो गई। आप कल्पना कर सकते हैं, छोटी सी उम्र में इस तरह की घटना मां को इस तरह खो देना, ये कितना दर्दनाक रहा होगा। मैं तो भाग्यशाली रहा हूं, मेरी मां 100 साल से भी ज्यादा जीवित रही और मुझे आशीर्वाद देती रही। उसके बावजूद भी आज भी मैं मां की कमी महसूस करता हूं। उनके जीवन का एक ऐसा दर्दनाक ये घटनाक्रम था, कोई भी इससे टूट सकता था, लेकिन कोविंद जी को उन मुश्किलों ने मजबूत किया। पड़ोस की एक माता जी ने उनके पालन-पोषण में मदद की। इससे उन्होंने समाज की एकता और सौहार्द की ताकत को समझा। इस घटना के बाद कोविंद जी के जीवन में उनके पिता की भूमिका और बड़ी हो गई और जिस तरह से उन्होंने अपने परिवार को संभाला, बच्चों को संस्कार दिए, इसीलिए, कोविंद जी अपने पिता को अपना हीरो मानते हैं। (Ramnath Kovind Autobiography)

प्रधानमंत्री ने कहा कि बचपन के इन संघर्षों के बीच कोविंद जी ने शिक्षा को अपने सामर्थ्य को बढ़ाने का मार्ग बनाया। उन्होंने मेहनत की, उन्होंने संसाधनों की कमी को कमजोरी नहीं बनने दिया और एक ऐसे मुकाम तक पहुंचे, जिसकी कल्पना भी तब लोगों ने नहीं की थी। वो भारत जैसे विशाल देश के राष्ट्रपति बने। इतने बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी कोविंद जी का विनम्र व्यक्तित्व, उनकी सादगी ऐसे ही कायम रही। मुझे याद है प्रधानमंत्री के तौर पर मैं राष्ट्रपति भवन में उनसे मिलने जाता था। प्रोटोकॉल के हिसाब से जो बातें नहीं हो सकती हैं, वो बातें वो करते थे। वो प्रधानमंत्री को छोड़ने के लिए गाड़ी के दरवाजे तक आते थे। मैं शुरू में उनको प्रार्थना करता रहता था, प्लीज आप ऐसा मत कीजिए, लेकिन उन्होंने जीवन के आखिर तक अपनी उस विनम्रता को कभी छोड़ा नहीं। राष्ट्रपति बनने के बाद जब वे अपने गांव परौंख गए तो उन्होंने वहां अपने गुरुओं के पैर छूकर उन्हें प्रणाम किया। गांव की मिट्टी को नमन करके उन्होंने गांव के सामान्य लोगों का धन्यवाद किया। पूरे देश ने वो भावुक दृश्य देखा था। उनके इस आचरण ने दुनिया के सामने भारत के संस्कारों की ऐसी तस्वीर सामने रखी, जिस पर हर भारतवासी गर्व करता है।

Back to top button
error: Content is protected !!