ठगी के जाल में छत्तीसगढ़, कहीं फर्जी ई-मेल तो कहीं नौकरी का झांसा, शेयर ट्रेडिंग का भी लालच, एक गलती पड़ सकती है भारी

Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में ठगी और धोखाधड़ी के अलग-अलग मामलों ने एक बार फिर लोगों को सावधान करने की जरूरत बढ़ा दी है। कहीं फर्जी ई-मेल के जरिए कंपनी के खाते से लाखों रुपए ट्रांसफर करा लिए गए तो कहीं पोस्ट ऑफिस की आरडी में पैसा जमा कराने के नाम पर करोड़ों रुपए का खेल कर दिया गया। रायपुर में शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर ठगी की गई, जबकि दुर्ग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से लाखों रुपए ऐंठे गए। ताजा मामला जांजगीर-चांपा का है, जहां प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड चांपा को राउरकेला इस्पात संयंत्र के नाम से मिलता-जुलता फर्जी ई-मेल भेजकर बैंक खाता बदलने का झांसा दिया गया। इसके बाद कंपनी से 28 लाख रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने बैंक डिटेल, मोबाइल नंबर, सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।
यह भी पढ़ें:- तेलीबांधा के 82 मीटर हाईमास्ट पर तिरंगा नदारद, स्वतंत्रता दिवस से पहले उठे सवाल
साइबर टीम ने बिहार के सीतामढ़ी जिले के परिगामा गांव से पंकज मुखिया को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बैंक खाते खुलवाने और ठगी की रकम अपने खाते में मंगवाकर आपस में बांटने की बात स्वीकार की है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल, आधार कार्ड समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले आधार कार्ड में दिल्ली का पता दर्ज कराया था, जिसे बाद में बिहार का पता अपडेट कराया गया। इस मामले में राहत की बात यह रही कि ठगी के बाद तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल और 1930 पर शिकायत की गई। पुलिस ने 28 लाख रुपए में से 23 लाख रुपए होल्ड करा दिए हैं। रकम वापस कराने की प्रक्रिया जारी है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। (Fraud in Chhattisgarh)
आरडी के नाम पर एक करोड़ से ज्यादा का खेल
चांपा में पोस्ट ऑफिस की आरडी में पैसा जमा कराने के नाम पर एक करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 150 खाताधारकों से आरडी की रकम लेता था, लेकिन पूरी राशि पोस्ट ऑफिस खातों में जमा नहीं करता था। शिकायतकर्ता से सितंबर 2022 से फरवरी 2026 के बीच 1 लाख 21 हजार 200 रुपए लिए गए, लेकिन पोस्ट ऑफिस रिकॉर्ड में सिर्फ 21 हजार रुपए जमा मिले। पूछताछ में करीब 150 खाताधारकों की एक करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम जमा नहीं करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश करने की बात भी बताई है। उसकी निशानदेही पर तीन मोबाइल, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। (Fraud in Chhattisgarh)
रायपुर में शेयर ट्रेडिंग का लालच
रायपुर में शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 3 लाख 90 हजार 960 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी हिमांशु शर्मा पर तेजस्वी पांडेय समेत चार लोगों से रकम ठगने का आरोप है। आरोप है कि ट्रेडिंग ऐप के जरिए मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर पीड़ितों को अपने जाल में फंसाया गया। इसके अलावा एसी और मोबाइल फाइनेंस कराकर अपने कब्जे में लेने के आरोप भी हैं। शिकायतकर्ता ने ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। देवेंद्र नगर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्ग में भिलाई इस्पात संयंत्र में लोको पायलट की नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी चन्द्रप्रकाश साहू ने खुद को नौकरी लगवाने में सक्षम बताते हुए पीड़ित समेत 10 से 15 युवाओं को पक्की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। पीड़ित दीपक कुमार देवदास ने आरोपी को 5 लाख 30 हजार रुपए दिए, लेकिन नौकरी नहीं लगी। रकम वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। शिकायत और दस्तावेजों की जांच के बाद उतई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका बैंक खाता और मोबाइल जब्त किया है।
रेंजर की नौकरी के नाम पर 8 लाख की ठगी
दुर्ग में ही वन विभाग में रेंजर की नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मंत्रालय में अपनी ऊंची पहुंच बताकर पीड़ित को भरोसे में लिया और उसके बेटे को नौकरी दिलाने का दावा किया। पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में 8 लाख रुपए दे दिए। नौकरी नहीं लगी तो रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने मंत्रालय का फर्जी नियुक्ति पत्र तक दे दिया। जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने भारतेंदु मिश्रा, हनी श्रेष्ठ और भोजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कुल मिलाकर देखें तो ठगी के इन मामलों में तरीका अलग-अलग रहा, लेकिन निशाना भरोसा ही बना। कहीं फर्जी ई-मेल और बैंक अकाउंट का इस्तेमाल हुआ, कहीं आरडी और निवेश का लालच दिया गया तो कहीं सरकारी नौकरी और मंत्रालय में पहुंच का झांसा। पुलिस ने कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ मामलों में अन्य आरोपियों की तलाश और रकम के लेनदेन की जांच जारी है।



