CG NEWS : बारिश में बीमार बुजुर्ग को जवानों ने दिया कंधा, अस्पताल पहुंचाकर पेश की इंसानियत की मिसाल

CG NEWS : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जब पूरा देश 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और धूमधाम से मना रहा था, वहीं छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के भीमापुरम गांव से जवानों की मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल सामने आई। ड्यूटी से लौट रहे डीआरजी के जवानों ने बारिश के बीच एक बीमार बुजुर्ग को चारपाई पर अस्पताल ले जा रहे ग्रामीणों की मदद की। जवानों ने खुद चारपाई को कंधा दिया और बुजुर्ग को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस पर ड्यूटी पूरी करने के बाद डीआरजी गोल्फ टीम के जवान वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुछ ग्रामीणों पर पड़ी, जो तेज बारिश के बीच एक बीमार बुजुर्ग को चारपाई पर लेकर पैदल अस्पताल जा रहे थे। जवानों ने ग्रामीणों को रोककर बुजुर्ग की तबीयत और एंबुलेंस की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। (CG NEWS)
ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में वे चारपाई के सहारे उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में थकान होने पर ग्रामीण बारी-बारी से चारपाई उठाने की तैयारी में थे।
स्थिति की जानकारी मिलते ही जवानों ने ग्रामीणों को पीछे किया और खुद बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाल ली। जवानों ने बारिश के बीच चारपाई को कंधे पर उठाया और पैदल सीआरपीएफ हॉस्पिटल, रायगुड़ा कैंप तक पहुंचे। इसके बाद बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देश की सुरक्षा के लिए कंधे पर हथियार उठाने वाले जवानों ने इस बार उसी कंधे पर एक जिंदगी की जिम्मेदारी उठाई। जवानों की इस पहल ने न केवल ग्रामीणों का दिल जीत लिया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि वर्दी केवल सुरक्षा और कर्तव्य का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा और इंसानियत की पहचान भी है।
बुजुर्ग को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने पर ग्रामीणों ने जवानों का आभार जताया। इस दौरान मौजूद लोगों ने इस मानवीय पहल को अपने कैमरों में भी कैद किया। बारिश के बीच बुजुर्ग को कंधे पर लेकर जाते जवानों की तस्वीरें अब कर्तव्य, सेवा और मानवता की मिसाल बन गई हैं। (CG NEWS)
यह भी पढ़े :- सीएम साय ने राज्यपाल डेका से की भेंट, असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 5 करोड़ का दिया चेक



