Google Analytics —— Meta Pixel

बांगो बांध के खुले गेट की ओर युवक ने लगाई छलांग, तेज बहाव में लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक ने मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के खुले गेट की ओर छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने के बाद युवक लापता हो गया। घटना के समय बांध के सात गेट खुले हुए थे और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। घटना के बाद पुलिस और नगर सेना की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, रंजीत यादव (23) पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव का रहने वाला है। शनिवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ मिनीमाता हसदेव बांगो बांध घूमने पहुंचा था। सभी लोग गार्डन के पास खड़े होकर बांध और पानी का नजारा देख रहे थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान रंजीत के दोस्त उससे कुछ दूरी पर चले गए। तभी रंजीत अचानक गार्डन की रेलिंग पर चढ़ गया और बांध के खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी।

कुछ देर पानी में तैरता दिखा युवक

छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ देर तक पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। हालांकि, बांध से करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। कुछ ही देर बाद वह तेज धार में बह गया और दिखाई देना बंद हो गया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक के पानी में छलांग लगाने के बाद कुछ देर तक तैरते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।

नगर सेना और गोताखोरों की टीम जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं।

एएसपी ग्रामीण नीतीश ठाकुर के मुताबिक, सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक की तलाश में कठिनाई आ रही है। नगर सेना की टीम और गोताखोर लगातार रंजीत की तलाश में जुटे हुए हैं।

बांध के आसपास जाने की दी गई थी चेतावनी

बांगो बांध के गेट खुले होने के कारण बांध प्रशासन ने लोगों को पहले ही सतर्क किया था। लोगों से बांध के आसपास नहीं जाने और जलधारा के नजदीक न पहुंचने की अपील की गई थी। इसके बावजूद युवक के खुले गेट की दिशा में छलांग लगाने की घटना सामने आई।

फिलहाल रंजीत यादव की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। पुलिस घटना के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़े :- ‘जमीन हो, आसमान या नर्क, आतंकियों का पीछा करेंगे’: पहलगाम हमले के बाद PM मोदी का था निर्देश : अजीत डोभाल

Back to top button
error: Content is protected !!