धमतरी में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के ठिकानों पर ED की दबिश, दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच
धमतरी। छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के घेरे में हैं। आज गुरुवार को ED की आठ सदस्यीय टीम ने धमतरी स्थित उनके ठिकानों पर दबिश दी।
ED की टीम के पहुंचते ही परिसर के बाहर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। टीम के अधिकारी अंदर दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच में जुटे हैं। कार्रवाई के दौरान परिसर में आवाजाही पर भी निगरानी रखी जा रही है।
रामगोपाल अग्रवाल को इससे पहले भी प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की अदालत में पेश किया गया था, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की ED हिरासत में भेजा था।
जांच एजेंसी की यह कार्रवाई कथित शराब घोटाले के अलावा कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों की जांच से भी संबंधित बताई जा रही है। ED को इन मामलों में कथित धन के लेन-देन में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की आशंका है।
फिलहाल ED की टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े :- मकई की बोरियों में छिपा था 56 किलो ड्रग्स, सऊदी अरब भेजने की थी साजिश, जानिए क्या है मेथंफेटामाइन ?



