CWC में ‘वंदे मातरम्’ के प्रस्ताव पर साव का हमला, बोले- मुस्लिम लीग की राह पर कांग्रेस
रायपुर। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को दो मिनट तक गाने के प्रस्ताव पर विवाद गहरा गया है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि CWC में पारित यह प्रस्ताव पार्टी की तुष्टिकरण की सोच को दर्शाता है और कांग्रेस आज मुस्लिम लीग के नक्शेकदम पर चल रही है। साव ने इस प्रस्ताव को देश के साथ धोखा करार दिया।
अधिकारी से दुर्व्यवहार पर भी बोला हमला
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा अधिकारी से कथित गाली-गलौज के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में कानून को अपने हाथ में लेना एक गंभीर अपराध है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बघेल के कार्यकाल में अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराया जाता था, और इसी तरह की धमकियों और कार्यशैली की वजह से आज उनके कई सहयोगी जेल में हैं।
‘कांग्रेस मुद्दाविहीन, अस्तित्व पर संकट’
कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए अरुण साव ने कहा कि पार्टी आज पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है। कांग्रेस नेताओं की भाषा और कार्यशैली के गिरते स्तर पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि यदि यही रवैया रहा, तो पार्टी अपना अस्तित्व भी नहीं बचा पाएगी।
‘भाजपा में कुर्सी का कोई झगड़ा नहीं’
सोशल मीडिया पर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘कुर्सी दंगल’ वाले अभियान पर पलटवार करते हुए साव ने कहा कि कांग्रेस के भीतर कुर्सी और नेतृत्व की खींचतान सार्वजनिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भाजपा के सर्वमान्य नेता हैं और पूरी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के काम में जुटी है।
शराब घोटाले में ED कार्रवाई को बताया जांच का हिस्सा
कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापों को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एजेंसी शराब घोटाले की निष्पक्ष जांच कर रही है और यह कार्रवाई उसी कानूनी प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है।
यह भी पढ़े :- मायके गई पत्नी, गुस्से में आपा खोया: युवक ने पड़ोसी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की, पुलिस पर चलाई गुलेल



