वंदे मातरम् पर सियासी संग्राम, दो छंद के फैसले पर कांग्रेस घिरी, बीजेपी ने बताया तुष्टीकरण की राजनीति

Politics on Vande Mataram: देश का राष्ट्रगीत वंदे मातरम् इन दिनों सियासी बहस के केंद्र में है। विवाद इस बात को लेकर है कि कांग्रेस के आधिकारिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के सिर्फ पहले दो छंद गाए जाएं या पूरा गीत। कांग्रेस ने 1937 के कांग्रेस कार्यसमिति के फैसले का हवाला देते हुए दो छंदों के गायन पर कायम रहने का फैसला किया है। वहीं बीजेपी ने कांग्रेस के इस रुख को तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ते हुए हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस कार्यसमिति ने अपने पुराने रुख को दोहराते हुए तय किया है कि पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के सिर्फ पहले दो छंद गाए जाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह कोई नया फैसला नहीं है। पार्टी 1937 में लिए गए ऐतिहासिक फैसले पर कायम है। उस समय भी कांग्रेस ने सार्वजनिक और राष्ट्रीय आयोजनों में वंदे मातरम् के शुरुआती दो छंदों को गाने की व्यवस्था को स्वीकार किया था।
यह भी पढ़ें:- हेलमेट भी होता है एक्सपायर! 5 साल से ज्यादा पुराना है तो बदल दें, वरना खतरे में पड़ सकती है जान
कांग्रेस का तर्क है कि पहले दो छंदों में मातृभूमि की स्तुति है, जबकि आगे के हिस्से में धार्मिक और पौराणिक संदर्भ आते हैं। इसलिए सभी समुदायों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शुरुआती दो छंदों को चुना गया था। कांग्रेस के इस फैसले के बाद बीजेपी ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की कार्यसमिति ने एक आश्चर्यजनक और देशविरोधी फैसला लिया है। उन्होंने अपनी पार्टी के 1937 के प्रस्ताव को फॉलो करते हुए वंदे मातरम् गीत के 2 ही छंद गाने का फैसला किया है। मैं पूरे देश को याद दिलाना चाहता हूं कि 1937 में कांग्रेस पार्टी ने मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए वंदे मातरम् के 2 टुकड़े करके देश के विभाजन की नींव डाली थी, जिसके बाद 2 राष्ट्र के सिद्धांत को ताकत मिली थी। (Politics on Vande Mataram)

शाह ने कहा कि देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान का जन्म हुआ। जब उस ऐतिहासिक गलती को मोदी सरकार ने सुधारकर और पूरा गीत गाकर राष्ट्रीय एकात्मता को फिर एक बार सुदृढ़ करने का प्रयास किया है। हमने सभी सरकारी फंक्शन में इसे पूरा गाने के निर्णय को कानूनी जामा भी पहनाया है। इसकी अवहेलना का कांग्रेस ने निर्णय किया है। कांग्रेस का यह निर्णय इनकी घोर तुष्टीकरण की नीति की पुष्टि करता है। वोट बैंक के तुष्टीकरण के लिए इन्होंने स्वर्गीय बंकिम बाबू के अमर कृति का न केवल अपमान किया है, बल्कि लाखों शहीदों का अपमान किया है, जो देश की आजादी का नारा लगाते हुए फांसी पर चढ़ गए थे और जिन्होंने कई साल जेल में काटे थे। आज कांग्रेस पार्टी अपने 1937 के प्रस्ताव को तो मान रही है, लेकिन संसद के बनाए गए कानून को नकार रही है।

उन्होंने कहा कि मुझे हैरानी है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर तुष्टिकरण की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। देश पहले भी वंदे मातरम को दो हिस्सों में बंटने देने की गलती कर चुका है और हमने इसके नतीजे भुगते हैं। अब देश को कांग्रेस पार्टी के इस फैसले के खिलाफ एकजुट होना चाहिए और कहना चाहिए कि उनकी तुष्टिकरण की राजनीति अब नहीं चलेगी। भाजपा कांग्रेस पार्टी के इस फैसले की निंदा करती है। बीजेपी का कहना है कि वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। इसलिए इसके पूर्ण स्वरूप को लेकर कांग्रेस का रुख सवालों के घेरे में है। विवाद को उस समय और हवा मिली, जब कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम गायन के दौरान सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के वीडियो को लेकर बीजेपी ने सवाल उठाए।

बीजेपी ने आरोप लगाया कि वंदे मातरम के दौरान सोनिया गांधी ने खड़गे को गीत रोकने का इशारा किया। वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि सोनिया गांधी का इशारा गीत रोकने के लिए नहीं, बल्कि खड़गे के बैठने की व्यवस्था को लेकर था। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने इस मुद्दे को कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ते हुए हमले तेज कर दिए। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी वंदे मातरम जैसे भावनात्मक मुद्दे को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के कई नेताओं ने दो छंदों के फैसले का बचाव किया है। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि 1937 में लिया गया फैसला ऐतिहासिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया गया था और पार्टी उसी फैसले पर कायम है। यानी कांग्रेस का स्पष्ट रुख है कि वंदे मातरम का सम्मान है, लेकिन आधिकारिक कार्यक्रमों में पहले दो छंद ही गाए जाएंगे। (Politics on Vande Mataram)
विवाद का असली मुद्दा क्या है ?
पूरे विवाद को अगर आसान भाषा में समझें तो मामला दो पक्षों के बीच है। कांग्रेस 1937 का ऐतिहासिक फैसला पहले दो छंदों के पक्ष में था। पार्टी उसी पर कायम है और कह रही है कि इसे वंदे मातरम का अपमान नहीं माना जा सकता। जबकि बीजेपी का कहना है कि वंदे मातरम स्वतंत्रता आंदोलन की पहचान और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। कांग्रेस का इसे दो छंदों तक सीमित रखना तुष्टीकरण की राजनीति है। इस तरह अब विवाद दो छंद बनाम पूरा वंदे मातरम् में बदल गया है। विवाद का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि आने वाले समय में कई राज्यों में चुनाव होने हैं। बीजेपी के नेता जिस तरह से इस मुद्दे को उठा रहे हैं, उससे संकेत मिल रहे हैं कि वंदे मातरम् को राष्ट्रवाद और तुष्टीकरण की बहस के साथ चुनावी मंच पर भी ले जाया जा सकता है। वहीं कांग्रेस इसे बीजेपी की ओर से भावनात्मक मुद्दों के राजनीतिक इस्तेमाल के तौर पर पेश कर सकती है। फिलहाल एक बात साफ है कि वंदे मातरम् पर शुरू हुआ विवाद अब सिर्फ राष्ट्रगीत के गायन तक सीमित नहीं रहा है। यह बीजेपी और कांग्रेस के बीच राष्ट्रवाद, इतिहास और तुष्टीकरण की राजनीति पर सीधी टक्कर बन चुका है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।



