वंदे मातरम् पर कांग्रेस के दो छंद वाले फैसले से भड़की बीजेपी, नेताओं ने कांग्रेस पर बोला चौतरफा हमला

BJP on CWC Decision: वंदे मातरम् के सिर्फ शुरुआती दो छंद गाने के कांग्रेस कार्यसमिति के फैसले को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे क्रांतिकारियों का विरोध और मुस्लिम लीग के दबाव का नतीजा बताया, जबकि राजीव रंजन सिंह, अनुराग ठाकुर, सुधांशु त्रिवेदी समेत कई बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण, राष्ट्रवाद की अनदेखी और संसद के फैसले का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव ने भी कांग्रेस के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे देश की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताया है। बीजेपी नेताओं के लगातार हमलों के बीच वंदे मातरम् अब कांग्रेस और बीजेपी के बीच राष्ट्रवाद, इतिहास और तुष्टीकरण की राजनीति को लेकर बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है।
यह भी पढ़ें:- वंदे मातरम् पर सियासी संग्राम, दो छंद के फैसले पर कांग्रेस घिरी, बीजेपी ने बताया तुष्टीकरण की राजनीति
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह केवल वंदे मातरम् का विरोध नहीं है, बल्कि हमारे क्रांतिकारियों का विरोध है। अभी मुस्लिम लीग कांग्रेस बन गई है। यह मुस्लिम लीग के दबाव में हुआ था। यह गांधी जी की कांग्रेस नहीं, बल्कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कांग्रेस है। राहुल गांधी पर दोहरी नागरिकता का केस चल रहा है। राहुल गांधी का 12 साल का बयान देख लीजिए, उनका कोई बयान भारत के पक्ष में नहीं, बल्कि देश के विरोध में है। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति में जो प्रस्ताव पारित किया गया है, वो अपने आप बताता है कि कांग्रेस पार्टी को राष्ट्र प्रेम से कोई मतलब नहीं है। देशभक्ति से कोई मतलब नहीं है। उनको समाज के एक खास वर्ग के लोगों को खुश करना है। इसलिए इस तरह का फैसला करते हैं। उनके लिए राष्ट्र प्रेम का कोई अर्थ नहीं है। (BJP on CWC Decision)
कांग्रेस आज की नई मुस्लिम लीग बन गई: सुधांशु
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बैठक में वंदे मातरम को लेकर जो प्रस्ताव पारित किया गया है, वो निंदनीय है। कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि उनके लिए पार्टी देश से ऊपर है। कांग्रेस ने यह भी साबित कर दिया है कि वो खुद को संविधान, देश से ऊपर मानती है और अपनी पार्टी के प्रस्ताव को संविधान के कानून से ऊपर मानती है। इसके साथ अब कांग्रेस ने इस अटकलों पर विराम लगा दिया है कि वो अब आज की नई मुस्लिम लीग बन गई है। वंदे मातरम को लेकर 1937 में मुस्लिम लीग की जो जिद थी, वही जिद आज संसद से पारित कानून के बाद कांग्रेस की वंदे मातरम को लेकर है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि CWC ने जो निर्णय लिया है उससे कांग्रेस का देश विरोधी चेहरा एक बार फिर सामने आया है। देश ने एक बार फिर देखा कि कांग्रेस खुद को संसद, संविधान से ऊपर मानती है। वोट बैंक तुष्टीकरण की राजनीति के लिए एक बार फिर उनका चेहरा सामने आया है।
कांग्रेस देश में निंदा का पात्र बन रही है: CM यादव
उन्होंने कहा कि देश के 2 टुकड़े हो गए थे, लेकिन कांग्रेस को सत्ता तब भी चाहिए थी और आज भी चाहिए। क्या कांग्रेस नेताओं के पास 3 मिनट 10 सेकेंड सम्पूर्ण वंदे मातरम् गाने के लिए नहीं है ? महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ये संविधान विरोधी निर्णय है। अब भारत में अंग्रेजों का राज नहीं है और भारत में स्वतंत्र भारत के संसद ने जो निर्णय लिया, वो संवैधानिक होता है और स्वतंत्र भारत के संसद के लिए फैसले को नहीं मानना, गुलामी की परंपरा को कायम रखना, हम हमेशा कहते थे कि ये मानसिक गुलाम हैं। इनकी मानसिक गुलामी और संविधान की खिलाफत, हमारे सामने ये दोनों चीजें प्रस्थापित हो गई। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ेगा कांग्रेस वंदे मातरम को लेकर लगातार अपनी दोहरी नीति के कारण से देश में निंदा का पात्र बन रही है। (BJP on CWC Decision)
तुष्टिकरण के लिए उन्होंने वंदे मातरम को बांटा था: CM धामी
CM यादव ने कहा कि एक तरफ वे वंदे मातरम के लिए सम्मान का भाव दिखाते हैं और दूसरी तरफ इंदौर में उनके पार्षदों ने जो वंदे मातरम का अपमान किया और उस पर उन्होंने कोई कार्रवाई ना करके वंदे मातरम के प्रति अपनी भावना प्रकट की। अभी ये 2 अंतरे गाएंगे, देश उनको माफ नहीं करेगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो वंदे मातरम आधा अधूरा गाने का फैसला लिया है। वो देश विरोधी फैसला है, उन करोड़ों देशवासियों की भावना, शहीदों के सपनों पर कुठाराघात है। कांग्रेस पार्टी ये हमेशा से करती रही है। तुष्टिकरण के लिए उन्होंने वंदे मातरम को बांटा था, उसके बाद देश की आजादी के बाद अब वही फिर से दोहराया गया है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी को लगता है कि अगर वंदे मातरम पूरा गाया गया तो उसमें देवी-देवताओं का स्मरण होगा। उत्तराखंड में कांग्रेस के लोगों को नेताओं से पूछना चाहिए कि देवी देवताओं का ये प्रदेश है, अगर वहां देवताओं की स्तुति नहीं की जाएगी तो किसकी स्तुति की जाएगी ?
जनता के सोचने और समझने की बात: सांसद निशिकांत
भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी वंदे मातरम् गाते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए थे। 1937 में कांग्रेस और मुस्लिम लीग मिलकर सरकार बनाना चाहते थे। जिन्ना ने कहा था कि शर्त है कि वंदे मातरम् गाना बंद करना पड़ेगा। पंडित नेहरू ने मुस्लिम वोट के लिए एक कमेटी बनाई कि वंदे मातरम् गाना चाहिए या नहीं। इसके बाद नेहरू जी ने तय कि वंदे मातरम् मुसलमानों के धर्म के खिलाफ है, इसलिए इसके केवल 2 स्टैंजा गाए जाएंगे। आज राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम आपके द्वारा बनाए हुए कानून को नहीं मानते हैं। जनता के सोचने और समझने की बात है कि कांग्रेस किस किस्म की राजनीति की तरफ बढ़ रही है। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि जिसने संसद में वंदे मातरम पर चर्चा तक नहीं की, उनकी राजनीति सांप्रदायिक और विभाजन की है, जिन लोगों ने वंदे मातरम को तोड़ा था, वे आज भी वंदे मातरम को तोड़ना चाहते हैं।
कांग्रेस बस एक साइनबोर्ड पार्टी बनकर रह गई: भट्टाचार्य
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस बस एक साइनबोर्ड पार्टी बनकर रह गई है। अब वो समाजवादी पार्टी के पास जाएंगे। यह एक परजीवी राजनीतिक संगठन है। यह देश का दुर्भाग्य है कि इतने बड़े देश में एक भी राष्ट्रीय विपक्षी पार्टी नहीं बची है। उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। वंदे मातरम को केवल 2 पदों तक सीमित करना कांग्रेस की उस मानसिकता को दिखाता है जिसमें वे राष्ट्र प्रेम को भी अपने तुष्टिकरण की राजनीति के तराजू पर तौलना चाहते हैं। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। राजस्थान के मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए कि उन्होंने ना केवल कल राजस्थान की विधानसभा का बहिष्कार किया, बल्कि उन्होंने राष्ट्रीय गीत का बहिष्कार किया। उनको वंदे मातरम ना बोलना पड़े, इसलिए वो सदन से गायब रहे। उनके नेता देश की जनता से माफी मांगे। (BJP on CWC Decision)
यह स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों का अपमान: मंत्री दयाशंकर
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि कांग्रेस की जिस तरह की नीतियां हैं और वंदे मातरम् अपने मातृभूमि के प्रति उनका जिस प्रकार का आचार-विचार और भाव है, उनके इस आचरण से पूरी तरह से साफ हो गया कि उन्हें मातृभूमि से प्यार नहीं है, उन्हें सिर्फ सत्ता में रहने से प्यार है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जो मुद्दा नहीं होता, उसको मुद्दा बनाती है। यह मामला संसद में आया और संसद से बड़ी कोई पार्टी नहीं होती। संसद में जो तय हुआ हो, उसका पालन करना चाहिए। इस चरित्र के कारण कांग्रेस सत्ता से बाहर है। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि ये भारत के स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों का अपमान है, जिन्होंने भारत को स्वतंत्र कराया, जिन्होंने वंदे मातरम गाते-गाते अपना जीवन समाप्त कर दिया। उन लोगों का कांग्रेस अपमान कर रही है और सदैव करती रहती है। जनता इसका जवाब देगी। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं के अंदर छिपा हुआ जिन्नाई जो जिन्न था, वो निकला है। इनकी जो मुस्लिम लीग वाली सोच है, उसका अब खुलासा हो गया है।
सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार
सांसद शर्मा ने आगे कहा कि संविधान हाथ में लेने से संविधान का सम्मान नहीं होता है। संविधान को जिया जाता है और जब संसद के दोनों सदनों ने इसको पास कर दिया कि हमें छूटे हुए स्टैंजा भी गाने हैं, तो पूरे को गाया जाएगा। कांग्रेस के अधिवेशनों में इसे पूरा गाया जाता रहा तो आज की वो गांधी जी वाली कांग्रेस अब नहीं रही। ये तथाकथित गांधी वाली जो कांग्रेस है, उसके अंदर रहते सांप्रदायिकता का जो जहर है, वो बाहर निकलने लगता है। वो राष्ट्रवाद नहीं चाहता। मैं समझता हूं कि एक गैर-जिम्मेदाराना, संविधान विरोधी और एक तुष्टीकरण का ये विकराल रूप सामने आया है। फिलहाल वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव थमता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस अपने 1937 के फैसले का हवाला देकर शुरुआती दो छंदों के गायन पर कायम है, जबकि बीजेपी इसे तुष्टीकरण और राष्ट्रभावना से जोड़कर लगातार निशाना साध रही है। ऐसे में वंदे मातरम् का विवाद अब सिर्फ गीत के गायन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रवाद, इतिहास और राजनीतिक विचारधारा की बड़ी बहस में बदल गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।



