वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- क्या BJP और RSS आज हमें राष्ट्रगीत का मतलब सिखाएगा ?
Congress on BJP RSS: वंदे मातरम् के शुरुआती दो पद गाने के कांग्रेस कार्यसमिति के फैसले पर बीजेपी के हमलों के बाद अब कांग्रेस नेताओं ने भी पलटवार तेज कर दिया है। पवन खेड़ा, राजीव शुक्ला, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पृथ्वीराज चव्हाण, केसी वेणुगोपाल समेत कई नेताओं ने बीजेपी पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने और वंदे मातरम् के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि 1937 में तय किए गए शुरुआती दो पदों की परंपरा आज भी कायम है और इसमें राष्ट्रगीत के सम्मान की कोई कमी नहीं है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने RSS की भूमिका और स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी मौजूदगी को लेकर भी बीजेपी पर सवाल खड़े किए हैं। दूसरी ओर बीजेपी लगातार कांग्रेस के फैसले को तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ रही है, जिससे वंदे मातरम् को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है।
यह भी पढ़ें:- वंदे मातरम् पर कांग्रेस के दो छंद वाले फैसले से भड़की बीजेपी, नेताओं ने कांग्रेस पर बोला चौतरफा हमला
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि आजादी की लड़ाई के समय RSS वाले कहां थे ? अब आप हमें वंदे मातरम के बारे में बता रहे हैं। ऐसा कहकर वे रबींद्रनाथ टैगोर, सी. राजगोपालाचारी, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और पंडित नेहरू के विचारों के खिलाफ जा रहे हैं। हमें हैरानी नहीं है, क्योंकि उस समय भी RSS इन महान लोगों का विरोध करता था। गोडसे और सावरकर के परिवार वालों ने आज माना है कि गोडसे RSS का हिस्सा थे। यही वजह है कि भाजपा आज वंदे मातरम और गांधी जी के खिलाफ बोल रहे हैं। क्या ये देशद्रोही अब हमें वंदे मातरम के बारे में सिखाएंगे ? उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर कहा कि ये कौन से वर्किंग कमेटी के रिजॉल्यूशन की बात कर रहे हैं। वो रिजॉल्यूशन तो 1937 में हुई थी। क्या इसका मतलब यह है कि अमित शाह अब खुद को सरदार पटेल, महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, राजागोपालाचारी, मौलाना आजाद से भी बड़ा मानने लगे। (Congress on BJP RSS)

उन्होंने कहा कि वो संविधान सभा के खिलाफ बोल रहे हैं। वो डॉ. अंबेडकर से भी बड़े हो गए? संविधान सभा में देश की हर विचारधारा का व्यक्ति मौजूद था जब वंदे मातरम् के दो स्टैंजा का अनुमोदन हुआ था। वो यह नहीं बता पा रहे हैं कि पैलेट गन के इस्तेमाल की इजाजत किसने दी। ये या तो वह इतने नकारा हैं कि उन्हें पता ही नहीं कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया या फिर उन्हें पता है क्योंकि आदेश उन्होंने खुद दिया था, जो व्यक्ति 20 दिनों तक संसद से भाग गया था, वह अब खुद को सरदार पटेल से भी बड़ा बता रहा है। हम इनकी सुनें या फिर सरदार पटेल की सुनें? हम संविधान सभा की सुनें या अमित शाह की सुनें ? हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने वंदे मातरम को लेकर भाजपा के राजनीतिक तुष्टिकरण का आरोप लगाने के मुद्दे पर कहा कि हम खड़गे जी के दिए गए निर्देशों का पालन करेंगे।

कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि हम पिछले 80 सालों से इसी संस्करण को दोहराते आ रहे हैं। भाजपा इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करना चाहती है। हम प्रधानमंत्री मोदी या केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कहने पर काम नहीं करेंगे। भाजपा को कांग्रेस को इतिहास नहीं सिखाना चाहिए। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कि हम किसी को खुश करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।वंदे मातरम से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। वो जबरदस्ती मु्द्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि ये लोग आजादी की लड़ाई में कहां थे ? भाजपा का कोई इतिहास है क्या ? देश को आजादी दिलाने वाली पार्टी कांग्रेस थी। संविधान देने वाली पार्टी कांग्रेस थी ये लोग क्या जानें? वंदे मातरम में जो 2 छंद गाने का प्रस्ताव है इसे रविंद्र नाथ टौगोर ने मंजूरी दी थी। अपनी पार्टी के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सिर्फ दो स्टैंजा गाने का फैसला गलत कैसे है? जिन लोगों की संविधान बनाने में कोई भूमिका नहीं थी, वे अब इस पर बात कर रहे हैं। (Congress on BJP RSS)

वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से वंदे मातरम या तिरंगे का अपमान होने का सवाल ही नहीं है। ऐसा विचार करना ही असंभव है। वंदे मातरम गाकर हमने स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी थी, जो हमसे सवाल पूछ रहे हैं वे लोग कहां थे? RSS के मुख्यालय में ना कभी वंदे मातरम गाया गया ना तिरंगा झंडा लहराया गया वे हमसे पूछते हैं? कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि क्या रविंद्र नाथ टैगोर एंटी नेशनल थे? क्या सरदार पटेल एंटी नेशनल थे? क्या उस वक्त के सारे नेता एंटी नेशनल थे? सुभाष चंद्र बोस ने ये बात पूछी थी और उनके पूछने पर रविंद्र नाथ टैगोर ने सलाह दी थी कि 2 छंद रखें जाएं क्योंकि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र होगा जिसमें सभी लोगों का समावेश होगा। ये आज से नहीं गाया जा रहा है। तब भी हम ही गाते थे आज भी हम ही गा रहे हैं। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने वंदे मातरम् गाते-गाते दम तोड़ दिया था, लेकिन भाजपा के लोग कहां थे ? जो लोग संसद में जवाब नहीं दे सकते हैं और जो लोग बच्चों को पिटवाते हैं, वे हमें बताएंगे कि हम क्या हैं। (Congress on BJP RSS)

कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि जो CWC की मीटिंग हुई, उसमें सबसे पहले अगर कोई निर्णय लिया होगा तो वो ये कि हम वंदे मातरम् बोलेंगे मगर उसके सिर्फ 2 स्टैंजा ही बोलेंगे, क्योंकि कांग्रेस ने 1937 में 2 स्टैंजा पास किया। उसके बाद संविधान सभा में भी वो पास हो गया तो अब इसमें कोई बदलाव करने का सवाल नहीं। कांग्रेस के सभी कार्यक्रम में वो 2 स्टैंजा ही बोले जाएंगे। भाजपा वाले बोलते हैं कि 5-6 स्टैंजा बोलो मगर नहीं बोले जाएंगे। इस देश को धर्मनिरपेक्ष रखना कांग्रेस का काम है और कांग्रेस वो करेगी। इसके लिए मैं सोनिया जी और खड़गे जी को विशेष बधाई दूंगा कि उन्होंने डटकर यह फैसला लिया। उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ये पहले भी था और आज भी हैं। मैं तो RSS को कहना चाहूंगा कि आप अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् को गवाइए। मैं भाजपा को कहना चाहूंगा कि आप अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् गवाइए।

अजय राय ने कहा कि संघ का पद संचलन साल में एक बार निकलता है। उसमें संघ का गीत गाते हैं, संघ का झंडा लेकर चलते हैं। आप उसमें तिरंगा ध्वज लेकर चलिए न। आप तिरंगा यात्रा का दिखावा कर रहे हो। आप संघ के पद संचलन में तिरंगा लेकर चलो, वंदे मातरम् का गायन कराओ। संघ का गीत बंद करो और वंदे मातरम् का गायन होना चाहिए। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा वाले पेपर लीक, चंदा चोरी और अरुणाचल में चीनी घुसपैठ जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहते हैं। अभी ये देश के मुद्दे हैं और वो इससे ध्यान भटकाना चाहते हैं, इसलिए वो ये सब कर रहे हैं। हम 1937 से वंदे मातरम् गाते आ रहे हैं। इसमें हमारे लिए नया क्या है? राष्ट्र गाना और राष्ट्र गीत दोनों ही हमारे लिए भावुक करने वाला है, क्योंकि वह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा था। भाजपा स्वतंत्रता संग्राम के बारे में कुछ नहीं जानती है। ये हमारे लिए भावनात्मक है, लेकिन भाजपा के लिए राजनीतिक है। वंदे मातरम् का विवाद अब सिर्फ गीत के कितने पद गाए जाएं, तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन, धर्मनिरपेक्षता, राष्ट्रवाद और राजनीतिक विरासत की बड़ी बहस में बदल गया है। (Congress on BJP RSS)



