Google Analytics —— Meta Pixel

स्पेस सेक्टर में भारत की नई छलांग, PM मोदी बोले- दुनिया का ध्यान भारत पर हो

PM Meets Space Startup CEOs: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सेवा तीर्थ में देश के उभरते निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को लेकर 20 प्रमुख स्पेस स्टार्टअप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और संस्थापकों के साथ व्यापक संवाद किया। इस दौरान अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं, निजी भागीदारी, तकनीकी नवाचार, वैश्विक निवेश और आम लोगों के जीवन को आसान बनाने में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र अब केवल अंतरिक्ष अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के सामाजिक और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने अंतरिक्ष कंपनियों से अपनी तकनीकों के नए-नए उपयोग तलाशने और ऐसी तकनीक विकसित करने पर जोर दिया, जिससे आम नागरिकों के जीवन में सुगमता आए।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ न्यूज : वन विभाग में बड़ा फेरबदल, 9 IFS अधिकारियों का तबादला

बैठक में शामिल अंतरिक्ष स्टार्टअप्स के प्रमुखों ने निजी क्षेत्र के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र खोले जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार के समर्थन और निजी भागीदारी के कारण देश में अंतरिक्ष उद्योग के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। स्टार्टअप्स के सीईओ ने बताया कि भारत में विकसित अंतरिक्ष तकनीकों को अपनाने में दुनिया के कई देशों और कंपनियों की रुचि लगातार बढ़ रही है। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी कंपनियां स्वदेशी तकनीक और क्षमताओं के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने सरकार के समर्थन और अंतरिक्ष क्षेत्र में अलग-अलग कंपनियों के बीच बढ़ते सहयोग का भी उल्लेख किया। स्टार्टअप्स के प्रमुखों ने कहा कि उनकी टीमें अंतरिक्ष क्षेत्र में महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं। (PM Meets Space Startup CEOs)

संवाद में हिस्सा लेने वाले स्टार्टअप्स अंतरिक्ष क्षेत्र के अलग-अलग अत्याधुनिक क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। इनमें रॉकेट निर्माण, फिर उपयोग योग्य अर्ध-क्रायोजेनिक प्रक्षेपण यान, एवियोनिक्स, उपग्रह निर्माण, उन्नत प्रणोदन प्रणाली, अंतरिक्ष और रक्षा खुफिया प्रणाली, अंतरिक्ष मलबे को हटाने की तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मौसम और जलवायु संबंधी तकनीक शामिल हैं। इन कंपनियों की तकनीक का इस्तेमाल भविष्य में कृषि, मौसम पूर्वानुमान, पर्यावरण संरक्षण, रक्षा, आपदा प्रबंधन और अन्य नागरिक सेवाओं में भी बढ़ाया जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स के बढ़ते आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि भारत के लिए वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी स्थिति तेजी से मजबूत करने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश अंतरिक्ष क्षेत्र में पर्याप्त निवेश करने की स्थिति में नहीं हैं या वहां निवेश की इच्छा सीमित है। ऐसे में भारत अपनी तकनीकी क्षमता, प्रतिभा और उद्यमिता के दम पर वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

प्रधानमंत्री ने ऐसा पारितंत्र और व्यावसायिक माहौल तैयार करने पर जोर दिया, जिससे दुनिया में जब भी अंतरिक्ष क्षेत्र की चर्चा हो, भारत की ओर ध्यान जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र वैश्विक प्रतिभाओं, कंपनियों और निवेश को देश की ओर आकर्षित करने की क्षमता रखता है। प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष कंपनियों से सिर्फ अंतरिक्ष अभियानों और तकनीकी उपलब्धियों तक सीमित न रहने का आह्वान किया। उन्होंने कंपनियों को अपनी तकनीकों के नए अनुप्रयोग तलाशने और उन्हें आम लोगों की जरूरतों से जोड़ने की सलाह दी। उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र और अन्य सामाजिक-आर्थिक क्षेत्रों के बीच सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि अंतरिक्ष मलबे पर काम करने वाली कंपनियां पर्यावरण संगठनों के साथ मिलकर अपनी तकनीक का विस्तार कर सकती हैं।

अटल टिंकरिंग लैब्स से जुड़ेंगे युवा

इसी तरह कृषि क्षेत्र में काम करने वाली अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनियां कृषि विश्वविद्यालयों और संबंधित विभागों के साथ सहयोग कर सकती हैं। इससे किसानों को बेहतर और सटीक जानकारी मिल सकेगी, जिससे वे फसल, मौसम और खेती से जुड़े फैसले अधिक प्रभावी ढंग से ले सकेंगे और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। प्रधानमंत्री ने युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के प्रति जिज्ञासा पैदा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अटल टिंकरिंग लैब्स के साथ अंतरिक्ष क्षेत्र की कंपनियों का सहयोग बढ़ाने का सुझाव दिया। प्रधानमंत्री के मुताबिक अगर बच्चों को कम उम्र से ही अंतरिक्ष तकनीक, नवाचार और प्रयोगों से जोड़ा जाए तो उनमें इस क्षेत्र को लेकर जिज्ञासा और रुचि विकसित की जा सकती है। इससे भविष्य के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र में प्रतिभाओं की नई पीढ़ी तैयार करने में मदद मिलेगी। (PM Meets Space Startup CEOs)

20 प्रमुख स्पेस स्टार्टअप्स ने लिया हिस्सा

इस संवाद कार्यक्रम में स्काईरूट एयरोस्पेस, अग्निकुल कॉसमॉस, पिक्सल, ध्रुवा स्पेस, गैलेक्सीआई, पियरसाइट, बेलाट्रिक्स एयरोस्पेस, दिगांतारा, सैटश्योर, सुहोरा टेक्नोलॉजीज, मनस्तु स्पेस, एस्ट्रोबेस, टेकमी2स्पेस, व्योमआईसी, कॉस्मोसर्व स्पेस, ऑर्बिट एड एयरोस्पेस, स्काईसर्व (हाइस्पेस), सेरेन्डिपिटी स्पेस, वासर लैब्स और मिस्टईओ सहित 20 अंतरिक्ष स्टार्टअप्स के संस्थापक और सीईओ शामिल हुए। इस बैठक से स्पष्ट है कि भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र अब सरकारी संस्थानों तक सीमित नहीं रह गया है। निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स की बढ़ती भागीदारी ने इसे नई गति दी है। स्वदेशी तकनीक, निजी निवेश, वैश्विक बाजार और युवा प्रतिभाओं को जोड़कर भारत अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अपनी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत के स्पेस सेक्टर की युवा ऊर्जा से मिलकर बहुत अच्छा लगा। ये युवा एंटरप्रेन्योर और इनोवेटर हैं, जिन्होंने एक नए और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कदम रखकर अद्भुत साहस दिखाया है। उन्होंने जोखिम उठाए, सुधार की प्रक्रिया पर भरोसा किया और अपनी कोशिशों में लगातार लगे रहे। इसी वजह से, भारत ने पिछले कुछ वर्षों में स्पेस सेक्टर में बहुत कुछ हासिल किया है। स्टार्टअप्स ने अपने काम के बारे में बेहतरीन प्रेजेंटेशन दिए। उन्होंने सरकार के स्पेस सुधारों की भी सराहना की और बताया कि कैसे इन सुधारों ने उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। मैंने स्पेस स्टार्टअप्स को भरोसा दिलाया कि जब वे भविष्य के लिए भारत की क्षमताएं बढ़ा रहे हैं, तो भारत सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी। भारत दुनिया को स्पेस सेक्टर में एक मजबूत, इनोवेटिव और कमर्शियली फायदेमंद मॉडल दे सकता है। (PM Meets Space Startup CEOs)

उन्होंने आगे कहा कि मैंने स्टार्टअप्स से यह भी आग्रह किया कि वे इस बारे में सोचें कि स्पेस टेक्नोलॉजी किस तरह खेती, पशुपालन, डेयरी, पर्यावरण और रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़े कई अन्य क्षेत्रों में बड़ा योगदान दे सकती है। वे अटल टिंकरिंग लैब्स के साथ जुड़ सकते हैं, स्कूली बच्चों में जिज्ञासा जगा सकते हैं और अगली पीढ़ी को स्पेस सेक्टर में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। हमारा प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम भारत और दुनिया के लिए एक बड़ी ताकत बन सकता है। यानी भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र अब सिर्फ आसमान की ऊंचाइयों को छूने तक सीमित नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था, कृषि, पर्यावरण और आम लोगों की जिंदगी को आसान बनाने की दिशा में भी नई संभावनाएं तलाश रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का जोर साफ है कि भारत सिर्फ अंतरिक्ष में अपनी मौजूदगी दर्ज न कराए, बल्कि दुनिया के लिए स्पेस टेक्नोलॉजी का बड़ा केंद्र बने।

Back to top button
error: Content is protected !!