RAIPUR NEWS : एक थाना, 24 घंटे में दो हत्याएं: डीडी नगर में चाकूबाजी से दहशत, 5 आरोपी गिरफ्तार

RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत से इलाके में दहशत का माहौल है। दोनों घटनाओं में विवाद के बाद चाकू से हमला किया गया। एक मामले में हमले का शिकार युवक गंभीर रूप से घायल है, जबकि दूसरे मामले में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने चंगोराभाठा में हुई हत्या के मामले में दो अपचारी बालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दोनों घटनाओं की विस्तृत जानकारी पुलिस अधिकारी जल्द साझा कर सकते हैं।
महादेव घाट रोड पर चाकूबाजी, युवक की मौत
पहली घटना महादेव घाट रोड पर गणेश मंदिर के पास हुई। निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) ने उसे रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, टीकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कैलाश घायल हो गया। इसी दौरान कैलाश ने बचाव में टीकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से उस पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल टीकेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना में घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
चंगोराभाठा में युवक पर चाकू से हमला
दूसरी घटना 23 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपचारी बालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस आरोपियों की भूमिका और हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
एक ही थाना क्षेत्र में दो वारदातों से हड़कंप
डीडी नगर थाना क्षेत्र में लगातार हुई चाकूबाजी की इन घटनाओं के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। दोनों मामलों में बीएनएस की हत्या, बलवा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। (RAIPUR NEWS)
पुलिस दोनों घटनाओं को अलग-अलग मानकर जांच कर रही है। रायपुरा चौक की घटना में घायल कैलाश निषाद का एम्स में इलाज जारी है, जबकि चंगोराभाठा मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। (RAIPUR NEWS)



