जिला अस्पताल की NICU में भीषण आग, तीन नवजातों की मौत
अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल की नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया। घटना के समय NICU में कुल 39 नवजात भर्ती थे।
तड़के 3:30 बजे लगी आग
जानकारी के अनुसार, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही यूनिट में धुआं तेजी से फैलने लगा। अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और भर्ती बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मुताबिक, NICU के तीन हिस्सों में से एक हिस्से में नौ नवजात भर्ती थे। इनमें से तीन बच्चों की आग की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि छह बच्चों को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया।
वेंटिलेटर में ब्लास्ट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह वेंटिलेटर मशीन में हुआ धमाका बताया जा रहा है। हालांकि, NICU में लगे एयर कंडीशनर के क्षतिग्रस्त होने के कारण उनमें भी ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। आग की वजह से अस्पताल के कई महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है। अमरावती प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल की NICU में भी आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसके अलावा देश के कई अन्य अस्पतालों में भी इस साल आग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
यह भी पढ़े :- RAIPUR NEWS : एक थाना, 24 घंटे में दो हत्याएं: डीडी नगर में चाकूबाजी से दहशत, 5 आरोपी गिरफ्तार



