Rain Alert in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में मानसून का रौद्र रूप! 21 जिलों में Orange Alert, भारी बारिश-बिजली का खतरा
Rain Alert in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को 21 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और उत्तर ओडिशा तथा उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है। (Rain Alert in Chhattisgarh)
इसके अलावा, इस मौसम प्रणाली से जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
रविवार को हुई बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
कोटाडोल में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। एमसीबी जिले के जनकपुर से लगे कोटाडोल में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेमी, छुरा और नांगार में 7 सेमी तथा सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में करीब 6-6 सेमी बारिश दर्ज हुई।
इन 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। (Rain Alert in Chhattisgarh)



