मंदिर के बाहर हंगामा, चोरी के विवाद में भिड़े दो पक्ष, महिला नेता पर मारपीट का आरोप

बिलासपुर। रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर के गेट के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक की महामंत्री रेहाना बेगम द्वारा एक युवक की चप्पल से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान से सामान चोरी होने के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल प्रसाद और होटल की दुकान संचालित करते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी हो गया था। इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
शनिवार को तुषार को महामाया मंदिर गेट के पास दुकान पर काम करने वाला करिया उर्फ मनोज दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने मोन्टी से उसके संबंध में पूछताछ की। इसी दौरान पुरानी चोरी की घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
महिला नेता को बुलाने के बाद बढ़ा विवाद
शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर मोन्टी ने रेहाना बेगम को फोन कर मौके पर बुलाया। दोपहर करीब 2:30 बजे रेहाना बेगम वहां पहुंचीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
तुषार ने अपनी शिकायत में रेहाना बेगम, भागवत उर्फ रेहान, शेरू और मोन्टी पर हाथ-मुक्कों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
तुषार के मुताबिक, विवाद शांत कराने के लिए उनकी बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान भी मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। मेघा प्रधान के भाजपा मंडल सोशल मीडिया प्रभारी होने की जानकारी सामने आई है।
तुषार ने शिकायत में मुंह, पीठ, दाहिने हाथ की उंगली और पैर में चोट लगने के साथ ही शर्ट फाड़ने का भी आरोप लगाया है।
चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला बाइक से उतरने के बाद एक युवक को चप्पल से मारती हुई नजर आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो रतनपुर के महामाया मंदिर गेट के पास हुए विवाद का है।
हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना के पूरे क्रम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
विवाद के बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब शिकायतों, वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर विवाद की वास्तविक वजह तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



