अमरावती NICU अग्निकांड पर एक्शन, CM फडणवीस ने दिए हाईलेवल जांच के आदेश, मृतक बच्चों के परिवारों को 5-5 लाख का मुआवजा

Amravati NICU Fire Incident: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के NICU में आग लगने से तीन नवजातों की मौत के मामले में सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी। अमरावती जिला कलेक्टर को घायल बच्चों का सरकारी खर्च पर इलाज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। CM फडणवीस ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अमरावती के जिला महिला अस्पताल में कल रात लगी आग में तीन बच्चों की मौत की घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। स्वास्थ्य प्रशासन को इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच करने के आदेश दिए गए हैं।
यह भी पढे़ं:- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री और सचिव दोनों को आज ही अमरावती जाने के निर्देश दिए गए हैं। अच्छी बात यह है कि इस घटना में 36 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला मजिस्ट्रेट आशीष येरेकर ने कहा कि इन बच्चों के इलाज का खर्च उनके परिवारों पर नहीं डाला जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पिछले साल फायर ऑडिट हुआ है और इस साल भी फायर ऑडिट के लिए इन्होंने अप्लाई किया है। नियमित तौर पर फायर ऑडिट करते आ रहे हैं। उपकरण में क्या कमी है, ये देखना होगा। हमने जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की कोई कमी पाई गई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। अगर कंपनी के उपकरण में कमी पाई गई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
अमरावती के जिला मजिस्ट्रेट आशीष येरेकर ने कहा कि NICU अग्निकांड की जांच शुरू कर दी गई है। अगर जांच में किसी तरह की प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और सभी की जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं अगर किसी कंपनी के उपकरण में तकनीकी खामी पाई जाती है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हादसे में सुरक्षित बचाए गए 36 नवजातों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और इन बच्चों के इलाज के लिए किसी भी परिवार से कोई फीस या चार्ज नहीं लिया जाएगा। प्रशासन ने फैसला किया है कि बच्चों के इलाज का कोई आर्थिक बोझ उनके परिवारों पर नहीं डाला जाएगा। हादसे के बाद विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। NCP-SP नेता शशिकांत शिंदे ने कहा कि घटना दुखद है। सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए, उनके मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। आज भी महाराष्ट्र में बहुत सारे ऐसे अस्पताल हैं, जहां अग्निशमन के पर्याप्त उपकरण नहीं हैं, अगर उसपर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो ये सरकार की विफलता है।
रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की गई: रोहित पवार
NCP-SCP नेता रोहित पवार ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। घटना में 3 बच्चों की मृत्यु हुई है। 2021 में भंडारा में हुए एक हादसे में 10 बच्चों की मौत हो गई थी। उस घटना की जांच के लिए एक विशेष समिति बनाई गई थी और उसकी रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई थी। दुर्भाग्य से उस रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। हमारा मानना है कि पूरी तरह से ऑडिट किया जाना चाहिए, ताकि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके। भाजपा नेता नवनीत राणा ने भी घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर आग लगती भी है तो उससे निपटने के लिए व्यवस्था होती हैं। स्प्रिंकलर तुरंत चालू होना चाहिए था। वेंटिलेटर विस्फोट कैसे हुआ? जांच के अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा, जो जानें गई हैं, उनकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती। (Amravati NICU Fire Incident)
मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं: तावड़े
BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि अमरावती के जिला महिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई में हुई दुर्घटना की खबर बेहद दुखद है। इस दिल दहला देने वाली घटना में मासूम नवजातों की मौत ने मन को झकझोर कर रख दिया है। इस त्रासदी में जान गंवाने वाले नवजातों के माता-पिता के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मेरी यही प्रार्थना है कि पीड़ित परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले और घायल नवजात जल्द से जल्द स्वस्थ हों। अब जांच का फोकस आग लगने की वास्तविक वजह, वेंटिलेटर या अन्य उपकरणों में तकनीकी खामी, फायर सेफ्टी सिस्टम की स्थिति और अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी पर है। प्रशासन ने साफ किया है कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। अब जांच तय करेगी कि अमरावती के इस हादसे के पीछे लापरवाही थी या तकनीकी खामी। फिलहाल सरकार ने दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। (Amravati NICU Fire Incident)



