Google Analytics —— Meta Pixel

नेपाल में जलप्रलय का तांडव: 160 की मौत, 750 से ज्यादा लापता; 133 भारतीय भी मिसिंग

Nepal Flood :  नेपाल में बुधवार सुबह तिब्बत सीमा के पास अचानक आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन (Nepal Flood) ने भारी तबाही मचा दी। आपदा में अब तक 160 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 750 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 133 से अधिक भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। कई विदेशी पर्यटकों के भी बाढ़ की चपेट में आने की सूचना है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई घर, सड़कें और पुल बह गए हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है।

नेपाल पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह 5 बजे तक आठ जिलों से 162 शव बरामद किए जा चुके थे। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे और बाढ़ के पानी में फंसे लोगों की वजह से मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

तिब्बत सीमा के पास सबसे ज्यादा तबाही

तिब्बत सीमा से लगे मध्य नेपाल के इलाकों में बाढ़ ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है। भोटेकोशी नदी के आसपास के कई गांव बाढ़ और मलबे की चपेट में आ गए। हवाई तस्वीरों में कई इलाकों में घरों, सड़कों और पुलों को भारी नुकसान दिखाई दे रहा है।

यह क्षेत्र तीर्थयात्रियों और ट्रेकिंग के लिए आने वाले पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। ऐसे में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों के लापता होने की खबर सामने आई है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार लापता पर्यटकों में भारत के 100 से अधिक, अमेरिका के 54, ऑस्ट्रेलिया के 34 और इंग्लैंड के 33 नागरिक शामिल हैं।

नेपाल के भी 100 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा पुलिस, सेना और बिजली विभाग के कई कर्मचारी भी लापता बताए जा रहे हैं।

भूकंप नहीं, भूस्खलन से पैदा हुई तबाही की ऊर्जा

अचानक आई बाढ़ से पहले इलाके में तेज झटके महसूस किए गए। शुरुआती तौर पर अधिकारियों को आशंका थी कि इसके पीछे भूकंप हो सकता है। हालांकि, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप जैसी ऊर्जा भूस्खलन के कारण पैदा हुई हो सकती है।

भूस्खलन और भारी मात्रा में पानी के अचानक नीचे आने से नदी का प्रवाह प्रभावित हुआ और देखते ही देखते बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया।

कई पुल और सड़कें तबाह

बाढ़ के तेज बहाव में कई पुल और सड़कें बह गईं। कई गांवों का संपर्क आसपास के इलाकों से टूट गया है। संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिसके कारण लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में मुश्किल आ रही है।

कम से कम एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाओं के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई है। राहत दल प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। (Nepal Flood)

133 से ज्यादा भारतीय लापता

नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों के अनुसार लापता भारतीयों में तीर्थयात्री, पर्यटक और एनआरआई शामिल हैं। करीब 133 भारतीय और 37 अप्रवासी भारतीय (NRI) के लापता होने की जानकारी सामने आई है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए कई भारतीय तीर्थयात्री भी प्रभावित बताए जा रहे हैं। सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल एजेंसी के अनुसार प्रभावित भारतीयों में कम से कम 59 तीर्थयात्री कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे।

तमिलनाडु से गए 57 पर्यटकों में से 37 का अब तक पता नहीं चल पाया है, जबकि 20 पर्यटकों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है। वहीं पश्चिम बंगाल के भी कई लोगों के लापता होने की सूचना है। इनमें कोलकाता से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गया 32 सदस्यीय समूह भी शामिल बताया जा रहा है।

ईशा फाउंडेशन के 77 सदस्य भी लापता

ईशा फाउंडेशन ने बताया कि उसके 77 सदस्य भी लापता हैं। बताया गया है कि ये लोग एक आव्रजन केंद्र पर मौजूद थे, जहां अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचा दी।

संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण प्रभावित भारतीयों और उनके परिवारों के बीच संपर्क स्थापित करने में भी परेशानी हो रही है।

भारत ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। भारत की ओर से नेपाल को राहत सामग्री की पहली खेप भी भेजी गई है।

काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों की सहायता और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रभावित लोग +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं।

भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह प्रभावित भारतीय नागरिकों के शीघ्र बचाव और राहत के लिए नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने भी सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1234, हॉटलाइन 1144 और पर्यटक पुलिस नंबर 9851289445 जारी किया है।

कई देशों ने मदद का भरोसा दिया

नेपाल में आई इस भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद भारत के अलावा अमेरिका, चीन, यूरोपीय संघ और कई अन्य देशों ने राहत सामग्री भेजने या सहायता उपलब्ध कराने की पेशकश की है। प्रभावित इलाकों में अब तक करीब आठ टन राहत सामग्री भेजे जाने की जानकारी है।

प्रधानमंत्री शाह बोले- पूरा देश सदमे में

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने आपदा पर दुख जताते हुए कहा कि पूरा देश सदमे में है और बेहद दुखी है। आपदा से बचे कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को बाढ़ के तेज बहाव में बहते हुए देखा।

राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। सेना और पुलिस के जवान भी अभियान में जुटे हैं।

जलवायु परिवर्तन की भूमिका पर भी उठे सवाल

आपदा के बाद विशेषज्ञ इस घटना के पीछे की वजहों और घटनाक्रम का अध्ययन कर रहे हैं। हिमालयी क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि मौजूदा आपदा में इसकी भूमिका के बारे में अभी निश्चित तौर पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

फिलहाल नेपाल में सबसे बड़ी चुनौती लापता लोगों की तलाश, प्रभावित इलाकों तक राहत पहुंचाना और टूटे संपर्क मार्गों को बहाल करना है।

Back to top button
error: Content is protected !!