SCO के अगले 25 सालों के लिए PM मोदी का रोडमैप, सुरक्षा, संपर्क और अवसर को बताया सहयोग के तीन स्तंभ

26th SCO Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिजस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि SCO की 25वीं वर्षगांठ के इस विशेष अवसर पर सबके बीच उपस्थित होना मेरे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। बिश्केक में हमारे भव्य स्वागत और आतिथ्य के लिए मैं राष्ट्रपति जापारोव का हार्दिक अभिनंदन करता हूं। हमें किर्गिजस्तान के स्वतंत्रता दिवस के दिन यहां उपस्थित रहने का सौभाग्य मिला। मैं राष्ट्रपति सादिर जापारोव और यहां के लोगों को एक बार फिर हार्दिक बधाई देता हूं और उज्बेकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर मैं राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव और उज्बेकिस्तान के लोगों को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
यह भी पढ़ें:- बिश्केक से क्या लेकर लौटे PM नरेंद्र मोदी ? रूस-चीन-ईरान समेत इन देशों से साधा राष्ट्रीय हित
वर्ल्ड नोमैड गेम्स के शानदार उद्घाटन समारोह के दौरान हम सभी को किर्गिजस्तान की समृद्ध संस्कृति और हमारी साझा विरासत की झलक दिखी। यही साझा विरासत और आपसी जुड़ाव SCO परिवार की एक बड़ी शक्ति है। पिछले 25 सालों में SCO ने यूरेशिया के विशाल भूभाग में संवाद और सहयोग की एक मजबूत परंपरा विकसित की है। हमने मिलकर अपने लोगों की भलाई के साथ-साथ मानवता के विकास में भी बहुमूल्य योगदान दिया है। इन पच्चीस सालों में हमने सहयोग की मजबूत नींव तैयार की है। अब आने वाले पच्चीस सालों में हमारा लक्ष्य इस सहयोग को स्पष्ट परिणामों में बदलने का होना चाहिए। आज जब विश्व अनिश्चितता और अस्थिरता से गुजर रहा है, हमें अपने साझा भूगोल को साझा अवसरों में बदलना है और हमारे प्रयासों से हमारे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। (26th SCO Summit 2026)

PM मोदी ने कहा कि पिछली बैठक में मैंने SCO को लेकर भारत की सोच के तीन मुख्य स्तंभों का उल्लेख किया था। S – सुरक्षा, C – संपर्क और O – अवसर। अब समय है कि इन तीनों स्तंभों को दृष्टिकोण से आगे बढ़ाकर ठोस परिणामों तक ले जाया जाए और इसकी पहली आवश्यकता शांति और सुरक्षा है। आतंकवाद आज भी पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है। इसके विरुद्ध लड़ाई में हम कार्रवाई और प्रतिक्रिया की सोच तक सीमित नहीं रह सकते। हमें आतंकवाद के वित्तपोषण, भर्ती, कट्टरपंथीकरण और सुरक्षित ठिकानों के पूरे तंत्र को ध्वस्त करना होगा। हमें एक स्वर में बोलना होगा कि इस गंभीर विषय पर दोहरे मापदंड के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो देश आतंकवाद को अपनी नीति का साधन बनाते हैं, आतंकियों को पनाह और समर्थन देते हैं, उन्हें कड़ा संदेश देना होगा कि आतंकवाद किसी के लिए रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता। शांत और सुरक्षित यूरेशिया की हमारी साझा आकांक्षा, अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता से भी जुड़ी है। भारत अफगानिस्तान के लोगों के विकास और मानवीय सहायता में योगदान देता रहा है, और आगे भी देता रहेगा। आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में सुरक्षा की परिधि और भी व्यापक हो चुकी है। पश्चिम एशिया के संकट ने यह दिखाया है कि किसी एक क्षेत्र का संघर्ष वहीं तक सीमित नहीं रहता। उसका प्रभाव पूरे विश्व की ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा खामियाजा वैश्विक दक्षिण के देशों को भुगतना पड़ता है। इसलिए भारत का आह्वान रहा है कि सभी तनावों और युद्धों का समाधान युद्ध के मैदान पर नहीं, बातचीत और कूटनीति से ही संभव है। मादक पदार्थों की तस्करी सिर्फ एक अपराध नहीं है, बल्कि हमारी युवा पीढ़ी और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। SCO के अंतर्गत सुरक्षा संबंधी खतरों, संगठित अपराध, सूचना सुरक्षा और मादक पदार्थों जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए स्थापित किए जा रहे केंद्र एक सकारात्मक कदम हैं। हमें इन्हें व्यावहारिक समन्वय और समय पर कार्रवाई का प्रभावी माध्यम बनाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे साझा विकास का दूसरा आधार है, मजबूत और विश्वसनीय संपर्क व्यवस्था। भारत उन सभी प्रयासों का समर्थन करता है, जो बाजारों को जोड़ते हैं, व्यापार को सुगम बनाते हैं और विकास के नए रास्ते खोलते हैं। किंतु इन प्रयासों में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान भी अत्यंत आवश्यक है। यही SCO चार्टर की भी मूल भावना है। आने वाले समय में संपर्क व्यवस्था का स्वरूप और व्यापक होगा। सड़कों, रेलवे और हवाई गलियारों के साथ-साथ हमें सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को सरल बनाना होगा, डिजिटल दस्तावेजीकरण को बढ़ावा देना होगा, माल परिवहन तंत्र को ज्यादा कुशल बनाना होगा। (26th SCO Summit 2026)
तीसरा स्तंभ अवसर है: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि इसका मतलब है कि SCO के सहयोग का लाभ सीधे हमारे लोगों तक पहुंचे। हमारी सबसे बड़ी पूंजी हमारे लोगों के बीच आपसी संबंध हैं। भारत के लिए SCO महान सभ्यताओं, संस्कृतियों और विचारों का संगम है। SCO के अगले पच्चीस वर्षों में लोगों के बीच संबंधों को हमारे सहयोग के केंद्र में रखना चाहिए। हमारी सफलता की वास्तविक कसौटी यह होनी चाहिए कि हमारे प्रयासों से युवाओं को कितने नए अवसर मिले, हमारे उद्यमियों के लिए कितने नए बाजार खुले, हमारे किसानों को तकनीक का कितना लाभ मिला और हमारे नागरिकों का जीवन कितना बेहतर हुआ। यही सुरक्षा, संपर्क और अवसर का वास्तविक अर्थ है।

उन्होंने कहा कि SCO में हमारा सहयोग सिर्फ सरकार की ओर से संचालित नहीं, बल्कि लोगों द्वारा संचालित होना चाहिए। मुझे खुशी है कि किर्गिज़स्तान की अध्यक्षता के अंतर्गत SCO में युवाओं की भागीदारी पर विशेष बल दिया गया है। भारत ने SCO में स्टार्ट-अप मंच, युवा लेखकों का सम्मेलन और युवा वैज्ञानिक मंच जैसी पहल की हैं। पिछले साल भारत ने SCO सभ्यतागत संवाद मंच का प्रस्ताव रखा था। मुझे प्रसन्नता है कि इसका पहला सत्र इस साल भारत में आयोजित होगा। मुझे विश्वास है कि आप सभी की सक्रिय भागीदारी से यह मंच SCO में जीवंत संवाद का सशक्त मंच बनेगा। किर्गिजस्तान के महान साहित्यकार ‘चिंगिज ऐतमातोव’ ने विश्व को एक सुंदर और गहरा विचार दिया था। उन्होंने कहा था कि हम अक्सर उन बातों को अधिक देखते हैं जो हमें अलग करती हैं और उन बातों को कम जो हमें जोड़ती हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि SCO के लिए भी यही संदेश प्रासंगिक है। हमारी विविधता हमारी पहचान है। हमारा साझा उद्देश्य हमारी शक्ति है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिश्केक से एससीओ को तीन महत्वपूर्ण संकल्पों के साथ आगे बढ़ना चाहिए- साझा भूगोल से साझा अवसरों की ओर, दृष्टिकोण से ठोस परिणामों की ओर और सरकार-केंद्रित सहयोग से जन-केंद्रित साझेदारी की ओर। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इसी विश्वास और प्रतिबद्धता के साथ एससीओ परिवार की साझा यात्रा में अपना योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अपने संबोधन का समापन सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर शांति, सुरक्षा, संपर्क और विकास के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ किया। (26th SCO Summit 2026)



