PM नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों से कहा- बच्चों की जिज्ञासा को दबाएं नहीं, सही दिशा दें, उनके बदलते व्यवहार पर नजर रखें

PM Meet Awardee Teachers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके मानसिक और सामाजिक विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा की। लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर हुई इस मुलाकात में पुरस्कार विजेता शिक्षकों ने अपने शिक्षण अनुभव और कक्षा में अपनाए गए रचनात्मक तरीकों के बारे में प्रधानमंत्री को बताया। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने शिक्षकों से बच्चों में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चे के शैक्षणिक प्रदर्शन पर ध्यान न दें, बल्कि उसके व्यवहार और रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाले बदलावों को भी समझने की कोशिश करें। अगर किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखाई देता है तो उसके पीछे के कारणों को जानना जरूरी है, ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी की शिक्षकों को सलाह, कहा- बच्चों का बचपन बचाइए, स्क्रीन टाइम और नशे से दूर रखिए
प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम को भी गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल और अन्य स्क्रीन का अत्यधिक इस्तेमाल एक तरह की लत में बदल सकता है। PM ने शिक्षकों से अभिभावकों के साथ इस विषय पर बातचीत करने को कहा और यह देखने की जरूरत बताई कि बच्चे कितने समय तक स्क्रीन का इस्तेमाल करते हैं और क्या वे देर रात तक मोबाइल फोन पर रहते हैं। प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि बच्चों को वास्तविक खेलों, शारीरिक गतिविधियों और रचनात्मक कामों की ओर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, अगर बच्चे मैदान में जाकर खेलना शुरू करते हैं और खेलकूद में उनकी रुचि बढ़ती है तो वे धीरे-धीरे स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल की आदत से बाहर आ सकते हैं।
बचपन को खत्म नहीं होने देना है: PM मोदी
PM मोदी ने शिक्षकों से बच्चों के बचपन और उनकी स्वाभाविक जिज्ञासा को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बचपन की मासूमियत को सुरक्षित रखना बेहद महत्वपूर्ण है और शिक्षक इस भूमिका को निभाने की सबसे बेहतर स्थिति में हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चों में स्वाभाविक रूप से जिज्ञासा होती है। अगर शिक्षक उनकी जिज्ञासा को सही दिशा और प्रोत्साहन दें तो यह उनके व्यक्तित्व और भविष्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने पारंपरिक संयुक्त परिवार व्यवस्था में कमी का भी उल्लेख किया। PM ने कहा कि परिवार की संरचना में बदलाव के कारण बच्चों के जीवन में शिक्षकों की भूमिका पहले की तुलना में और महत्वपूर्ण हो गई है। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने एक महिला शिक्षक से हल्के-फुल्के अंदाज में पब्लिक स्पीकिंग को लेकर टिप्स भी मांगे। PM ने पूछा कि अगर वे उनके यहां के विद्यार्थी होते और एक अच्छा पब्लिक स्पीकर बनना चाहते तो उन्हें क्या करना चाहिए। (PM Meet Awardee Teachers)

ड्रेस कोड और बच्चों के बदलते व्यवहार पर भी चर्चा
महिला शिक्षक ने जवाब दिया कि इसके लिए सबसे पहले आत्मविश्वास यानी कॉन्फिडेंस जरूरी है। इस पर प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए पूछा कि आखिर यह कॉन्फिडेंस आएगा कैसे? शिक्षक ने बताया कि इसके लिए लगातार अभ्यास करना पड़ता है। PM ने महिला शिक्षकों से विद्यार्थियों की खूबियों और कमियों को लेकर भी बातचीत की। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कई शिक्षकों के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में संवाद किया और उनके अनुभवों को जाना। बातचीत में ड्रेस कोड से जुड़े मुद्दे का भी जिक्र हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ बड़े शहरों और विश्वविद्यालयों में ड्रेस कोड का मुद्दा सामने आया है। उन्होंने कहा कि कई बार जागरूकता की कमी या नियमों को बिना पर्याप्त स्पष्टीकरण के लागू किए जाने से ऐसी परिस्थितियां पैदा होती हैं।
कक्षा से बाहर भी सीखने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने शिक्षकों से बच्चों के बदलते व्यवहार को पहचानने और उसके पीछे की वजहों को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के मन में पैदा होने वाली आशंकाओं और उनके व्यवहार पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर शिक्षकों को लगातार सजग रहना चाहिए। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए बच्चों को कक्षा की पढ़ाई के साथ वास्तविक दुनिया के अनुभवों से जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बच्चों को अलग-अलग तरह के काम, व्यावहारिक कौशल और श्रम की गरिमा से भी परिचित कराया जाना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं के साथ प्रधानमंत्री की यह बातचीत शिक्षा के पारंपरिक दायरे से आगे बढ़कर बच्चों के व्यवहार, उनकी आदतों, स्क्रीन टाइम, नशे से बचाव, शारीरिक गतिविधियों और रचनात्मक विकास जैसे मुद्दों पर केंद्रित रही। (PM Meet Awardee Teachers)




