कांगो में दो स्कूलों में लगी भीषण आग, 26 छात्रों की मौत, पांच दिन पहले शादी समारोह में भी आग से हुई थी 22 मौतें

Fire in Congo School: कांगो के पूर्वी शहर बुकावु में गुरुवार को आग लगने की दो घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। दो स्कूलों में आग फैलने से 26 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 29 छात्र घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 19 लड़कियां और 7 लड़के शामिल हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि स्कूल में मौजूद कई बच्चे अंदर ही फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने खिड़कियों से छलांग लगा दी, जबकि कई बच्चे संकरे रास्ते से बाहर निकलने की कोशिश में गिर पड़े। रिपोर्ट्स के मुताबिक आग की शुरुआत स्कूल से नहीं, बल्कि पास के एक घर से हुई थी। देखते ही देखते आग आसपास के इलाकों में फैल गई और फुराहा सेकेंडरी स्कूल, उजामा प्राइमरी स्कूल तक पहुंच गई। फुराहा सेकेंडरी स्कूल में उस वक्त कई छात्र मौजूद थे। आग और धुएं के बीच कई बच्चों का दम घुट गया।
यह भी पढ़ें:- भीषण सड़क हादसा, रायपुर से नागपुर जा रही बोलेरो के उड़े परखच्चे; 8 की मौत
हादसे वाली जगह पर ज्यादातर घर लकड़ी से बने हुए हैं और इलाका घनी आबादी वाला है। ऐसे में एक घर से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आसपास के कई घरों और स्कूलों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में करीब 300 घर आए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। घायल बच्चों को आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में छोटे बच्चे जमीन पर बेसुध पड़े नजर आए। आग से तबाह हुए घरों के मलबे में लोग अपना बचा-कुचा सामान तलाशते भी दिखे। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्कूल से बाहर निकलने का रास्ता काफी संकरा था। आग और धुआं फैलने के बाद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ बच्चे दरवाजे की तरफ भागे, जबकि कई छात्रों ने खिड़कियों से बाहर छलांग लगानी शुरू कर दी। (Fire in Congo School)
विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके में हुआ हादसा
एक साथ बड़ी संख्या में छात्रों के बाहर निकलने की कोशिश में कई बच्चे गिर गए। भीड़ में कुछ बच्चों के ऊपर से लोग गुजर गए। इस दौरान कई छात्रों को गंभीर चोटें आईं। अधिकारियों को आशंका है कि बचाव और राहत अभियान के दौरान मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। फिलहाल आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बुकावु का यह इलाका फिलहाल रवांडा-समर्थित AFC/M23 विद्रोहियों के नियंत्रण में है। इन विद्रोहियों ने फरवरी 2025 में पूर्वी कांगो में बड़े पैमाने पर हमला किया था। क्षेत्र में लंबे समय से हिंसा और अस्थिरता का माहौल बना हुआ है। पूर्वी कांगो प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। यहां मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य तकनीकी उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले कई महत्वपूर्ण खनिज पाए जाते हैं। इन्हीं खनिज संसाधनों और व्यापारिक रास्तों पर नियंत्रण को लेकर अलग-अलग हथियारबंद समूहों के बीच लंबे समय से संघर्ष चलता रहा है। जानकारी के मुताबिक पूर्वी कांगो में 100 से ज्यादा हथियारबंद समूह सक्रिय हैं।

पांच दिन पहले आग से हुई थी 22 मौतें
कांगो में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब महज पांच दिन पहले राजधानी किंशासा में भी आग ने बड़ी तबाही मचाई थी। उत्तरी किंशासा के लिंगवाला इलाके में शुक्रवार रात एक बिल्डिंग में शादी समारोह के दौरान आग लग गई थी। हादसे में 22 लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। बताया गया कि जिस इमारत में शादी समारोह चल रहा था, वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद सभी ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन बिल्डिंग के संकरे रास्तों और आसपास की गलियों में भीड़ होने के कारण हालात बिगड़ गए। लोग एक-दूसरे को धक्का देते हुए बाहर निकलने की कोशिश करते रहे। कई लोग धुएं में फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। आग से बचकर भागे कई लोग संकरी गलियों में फंस गए। (Fire in Congo School)
आग लगने की वजह साफ नहीं
हादसे के बाद कुछ लोगों को सड़क किनारे लिटाकर मदद पहुंचाने की कोशिश की गई। इनमें कुछ घायल थे, जबकि कुछ की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। कई शव सड़क किनारे और गलियों में भी मिले। किंशासा में हुई आग के मामले में भी अधिकारियों ने अब तक आग लगने की सही वजह की पुष्टि नहीं की है। कांगो के उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैक्वेमिन शाबानी ने घटनास्थल का दौरा कर हादसे को बेहद दुखद त्रासदी बताया था। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों तथा घायलों की अंतिम संख्या जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होने की बात कही है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक किंशासा के घनी आबादी वाले इलाकों में आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। (Fire in Congo School)

शहर में तेजी से हो रहे अनियोजित शहरी विकास के कारण कई इलाकों में पर्याप्त अग्निशमन सेवाएं और आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। गर्म और सूखे मौसम में आग की घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। कांगो में लगातार सामने आ रही इन आग की घटनाओं ने एक बार फिर घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और आग से निपटने की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुकावु के स्कूल हादसे में बच्चों की मौत ने इस त्रासदी को और भी भयावह बना दिया है। कांगो में स्कूल और शादी समारोह में लगी आग ने एक बार फिर कमजोर फायर सेफ्टी व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ हादसे में मासूम बच्चों की जान गई तो दूसरी ओर शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं बताती हैं कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है।




