Google Analytics —— Meta Pixel

IMF ने भारत को बताया दुनिया का ग्रोथ इंजन, पहली तिमाही में 7.8% रही GDP 

IMF on India Growth: वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक चुनौतियों और ऊर्जा संकट के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपनी तेज रफ्तार बरकरार रखी है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के दौरान देश की रियल GDP ग्रोथ 7.8 फीसदी दर्ज की गई है। भारत की इस बेहतर आर्थिक वृद्धि की इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी IMF ने भी सराहना की है। IMF ने भारत को दुनिया के लिए एक प्रमुख ग्रोथ इंजन बताया है। IMF की प्रवक्ता जूली कोजाक ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में भारत की 7.8 फीसदी की GDP ग्रोथ IMF के अनुमान और बाजार विशेषज्ञों की उम्मीदों से बेहतर रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत सर्विसेज सेक्टर और बेहतर एक्सपोर्ट प्रदर्शन ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें:- सेवानिवृत्ति प्रकरणों के त्वरित निपटारे और रिक्त पदों पर भर्ती के दिए निर्देश – मुख्य सचिव

IMF के मुताबिक वैश्विक स्तर पर ऊर्जा कीमतों में आए झटकों और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत ने अपनी विकास दर को मजबूत बनाए रखा है। IMF ने भारत की अर्थव्यवस्था को ऊर्जा संकट के बाद भी मजबूत बताते हुए कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक प्रमुख ग्रोथ इंजन बना हुआ है। भारत की 7.8 फीसदी की ग्रोथ इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यह RBI के पिछले 7 फीसदी के अनुमान से भी अधिक है। यानी भारतीय अर्थव्यवस्था ने केंद्रीय बैंक के अनुमान से करीब 0.8 प्रतिशत अंक बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत की GDP ग्रोथ में पिछली पांच तिमाहियों के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। आंकड़ों के मुताबिक पहली तिमाही 2025-26 में GDP ग्रोथ 6.9% रही। दूसरी तिमाही में ग्रोथ 8.1% दर्ज की गई। (IMF on India Growth)

फाइनेंस, रियल एस्टेट और IT सेक्टर सबसे आगे

वहीं तीसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 7.7% रही। चौथी तिमाही में ग्रोथ बढ़कर 8.6% पहुंची। पहली तिमाही 2026-27 में GDP ग्रोथ 7.8% दर्ज की गई। इस तरह नई वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत ने 7.8 फीसदी की मजबूत विकास दर दर्ज की है। पहली तिमाही में अलग-अलग सेक्टर के प्रदर्शन पर नजर डालें तो फाइनेंशियल, रियल एस्टेट, IT, प्रोफेशनल सर्विसेज और ओनरशिप ऑफ ड्वेलिंग से जुड़े क्षेत्र ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। इस सेक्टर की ग्रोथ 12.1 फीसदी रही। सेक्टरवार आंकड़ों के मुताबिक एग्रीकल्चर, लाइवस्टॉक, फॉरेस्ट्री और फिशिंग सेक्टर में 3.6 फीसदी, माइनिंग एंड क्वारिंग में 2.4 फीसदी, जबकि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 9.2 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई। वहीं इलेक्ट्रिसिटी, गैस, वाटर सप्लाई और अन्य यूटिलिटी सर्विसेज में 8.9 फीसदी और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में 7.7 फीसदी की वृद्धि हुई। ट्रेड, होटल, ट्रांसपोर्ट, कम्यूनिकेशन, ब्रॉडकास्टिंग और स्टोरेज से जुड़े सेक्टर की ग्रोथ 8.5 फीसदी रही। 

रियल GDP बढ़कर 81.36 लाख करोड़ रुपए

सबसे बेहतर प्रदर्शन फाइनेंशियल, रियल एस्टेट, IT, प्रोफेशनल सर्विसेज और ओनरशिप ऑफ ड्वेलिंग सेक्टर का रहा, जिसकी ग्रोथ 12.1 फीसदी दर्ज की गई। वहीं पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, डिफेंस और अन्य सर्विसेज सेक्टर में 7.5 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई। वहीं कृषि क्षेत्र की ग्रोथ 3.6 फीसदी रही, जबकि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने 9.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की। माइनिंग सेक्टर की ग्रोथ 2.4 फीसदी रही। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय यानी MoSPI के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जून तिमाही में भारत की रियल GDP 81.36 लाख करोड़ रुपए रही। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 75.46 लाख करोड़ रुपए था। इससे साफ है कि एक साल की समान अवधि की तुलना में देश की वास्तविक आर्थिक गतिविधियों में मजबूत विस्तार हुआ है। (IMF on India Growth)

GDP ग्रोथ का अनुमान भी छूटा पीछे 

पहली तिमाही में 7.8 फीसदी की विकास दर ने न सिर्फ बाजार विशेषज्ञों के अनुमान को पीछे छोड़ा, बल्कि यह RBI के 7 फीसदी के अनुमान से भी ज्यादा रही। IMF की ओर से इस प्रदर्शन की सराहना ऐसे समय में की गई है, जब दुनिया के कई हिस्सों में आर्थिक विकास को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। IMF के मुताबिक भारत की मजबूत घरेलू आर्थिक गतिविधियां, सर्विसेज सेक्टर का बेहतर प्रदर्शन और एक्सपोर्ट में मजबूती देश की आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने में मदद कर रही है। IMF ने भारत की GDP गणना और आर्थिक आंकड़ों को आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे बदलावों का भी स्वागत किया है। IMF प्रवक्ता जूली कोजाक के मुताबिक भारत के नवीनतम डेटा में इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) और प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) की नई सीरीज को शामिल किया गया है। IMF का मानना है कि GDP आकलन की प्रक्रिया में किए जा रहे ये बदलाव आंकड़ों की सटीकता और डेटा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद करेंगे। (IMF on India Growth)

क्या हैं IIP और PPI ?

इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) देश के औद्योगिक उत्पादन की रफ्तार को मापने वाला प्रमुख इंडेक्स है। इसमें मैन्युफैक्चरिंग, माइनिंग और बिजली जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के उत्पादन को शामिल किया जाता है। जबकि प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI)घरेलू उत्पादकों द्वारा बेची जाने वाली वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में होने वाले औसत बदलाव को मापता है। इससे उत्पादक स्तर पर कीमतों में बदलाव और महंगाई के दबाव को समझने में मदद मिलती है। कुल मिलाकर पहली तिमाही में 7.8 फीसदी की GDP ग्रोथ भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है। ऊर्जा कीमतों के झटके और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत की ग्रोथ का अनुमान से बेहतर रहना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। IMF की ओर से भारत को दुनिया का प्रमुख ग्रोथ इंजन बताया जाना भी वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है। सर्विसेज, IT, फाइनेंस, रियल एस्टेट और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन ने देश की आर्थिक विकास दर को मजबूती देने में अहम योगदान दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!