छात्रा की मौत पर अंबिकापुर में बवाल! NSUI नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप, FIR के बाद ABVP ने फूंका पुतला

अंबिकापुर। शासकीय राजीव गांधी पीजी कॉलेज की 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने NSUI से जुड़े छात्र नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ज्ञान तिवारी कथित तौर पर छात्रा को लंबे समय से ब्लैकमेल कर परेशान कर रहा था। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है।
जीजा के घर के शौचालय में मिला छात्रा का शव
चिरमिरी के गोदरीपारा निवासी अंतरा अंबिकापुर में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने जीजा नीलेश गुप्ता के पटपरिया स्थित घर में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, 10 सितंबर की रात अंतरा ने अपनी बहन के साथ खाना खाया और इसके बाद सोने चली गई।
अगली सुबह करीब 5:30 बजे परिजनों ने उसे घर के शौचालय में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सहेलियों ने बताई ब्लैकमेलिंग की बात
घटना के अगले दिन छात्रा की कुछ सहेलियां उसके घर पहुंचीं। परिजनों के अनुसार, सहेलियों ने उन्हें बताया कि ज्ञान तिवारी कथित रूप से लंबे समय से अंतरा को ब्लैकमेल कर रहा था और इस वजह से वह मानसिक रूप से परेशान थी।
इसके बाद छात्रा के मामा ने गांधीनगर थाने पहुंचकर ज्ञान तिवारी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, ब्लैकमेलिंग के आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है।
FIR के बाद ABVP का प्रदर्शन, पुतला भी फूंका
NSUI नेता का नाम सामने आने के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञान तिवारी का पुतला भी फूंका। पुलिसकर्मियों ने पुतला बुझाने का प्रयास किया, जिसके दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी होने की बात सामने आई है।
टीएस सिंहदेव ने निष्पक्ष जांच की मांग की
मामले को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस आरोपी ज्ञान तिवारी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :- बारिश के दौरान निर्माणाधीन सड़कों पर आवागमन में नागरिकों को न हो परेशानी : मुख्यमंत्री साय



