ओडिशा में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, डूबने से 12 की मौत, मृतकों में 6 बच्चे भी शामिल

Death Duo to Drowning: ओडिशा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बुधवार को कई हादसे हुए। राज्य के अलग-अलग जिलों में डूबने की 6 घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इनमें से ज्यादातर हादसे गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदियों और तालाबों में हुए। वहीं सुंदरगढ़ जिले में तीन बच्चियां पूजा के लिए नदी से रेत लेने के दौरान हादसे का शिकार हो गईं। एक ही दिन में हुए इन हादसों से अलग-अलग इलाकों में शोक का माहौल है। पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाकर शवों को पानी से बाहर निकाला। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
यह भी पढ़ें:- उधमपुर के जंगलों में एनकाउंटर, 2 आतंकी ढेर, राजौरी में 3 मददगार गिरफ्तार, जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन की जांच
सबसे दर्दनाक हादसा जगतसिंहपुर जिले में हुआ। यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार युवक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बह गए। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर सर्विस के जवान मौके पर पहुंचे और नदी में तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद चारों युवकों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान मनोजित स्वैन, स्वप्नजीत बारिक, रश्मिरंजन नायक और जगन्नाथ पालेई के रूप में हुई है। चारों की उम्र करीब 20 साल बताई गई है। बताया गया कि गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए लोग नदी के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान तेज बहाव वाले पानी में जाने के कारण चार युवक हादसे का शिकार हो गए। (Death Duo to Drowning)
गंजाम में तीन बच्चों की डूबने से मौत
गंजाम जिले में भी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग हादसे हुए। जिले की घोड़ाहाड़ नदी में बुधवार दोपहर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो 14 साल के बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। मृतकों की पहचान आदर्श साहू और प्रीतम सामेली के रूप में हुई है। दोनों गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी पर पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। इसी जिले के दिगपहांडी थाना क्षेत्र में भी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक और हादसा हुआ। सुबह करीब 10 बजे आठवीं कक्षा का छात्र तालाब में डूब गया। घटना के बाद उसे तत्काल दिगपहांडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (Death Duo to Drowning)
सुंदरगढ़ में रेत लेने गईं तीन बच्चियों की मौत
मृतक छात्र की पहचान 14 साल के सितांशु जेना के रूप में हुई है। इस तरह गंजाम जिले में ही गणेश विसर्जन से जुड़े हादसों में तीन बच्चों की जान चली गई। सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र के सालंगाबहाल गांव में भी बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। यहां तीन बच्चियां करमा पूजा के लिए नदी से रेत लेने पहुंची थीं। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह शंख नदी में जा गिरी। उसे बचाने के लिए साथ मौजूद दो अन्य बच्चियां भी नदी में कूद गईं। पानी की गहराई और परिस्थितियों के कारण तीनों बच्चियां डूब गईं। हादसे में 6 साल की गीतिका साहू, 6 साल की सिबिका साहू और 8 साल की श्रुति साहू की मौत हो गई। तीनों मजहाटोली की रहने वाली थीं। (Death Duo to Drowning)
भद्रक और कोरापुट में भी विसर्जन के दौरान मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बच्चियों के शव नदी से बाहर निकाले गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक भद्रक और कोरापुट जिलों में भी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबने की घटनाएं सामने आईं। दोनों जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस तरह बुधवार को ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में डूबने की छह घटनाओं में कुल 12 लोगों की जान चली गई। इनमें छह बच्चे शामिल हैं। बुधवार को सामने आई घटनाओं को देखें तो जगतसिंहपुर में चार, गंजाम में तीन, सुंदरगढ़ में तीन, जबकि भद्रक और कोरापुट में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। इनमें गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे सबसे ज्यादा रहे।
एक दिन में 6 हादसे, 12 लोगों की मौत
लगातार सामने आए इन हादसों ने नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। तेज बहाव वाले पानी और गहरे स्थानों पर जाने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बच्चों और युवाओं के पानी में उतरने के दौरान अतिरिक्त सावधानी की जरूरत होती है। ओडिशा में गणेश विसर्जन के दौरान एक ही दिन में हुई इन मौतों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अलग-अलग जगहों पर हुए इन हादसों में छह बच्चों समेत 12 लोगों की जान चली गई। लगातार सामने आ रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचने समेत बच्चों को अकेले पानी के पास नहीं जाने देने को कहा गया है। प्रशासन ने यह भी सलाह दी है कि विसर्जन के लिए निर्धारित और सुरक्षित जगहों का ही इस्तेमाल किया जाए, ताकि आस्था का यह पर्व किसी परिवार के लिए मातम में न बदल जाए।



