CEC विवाद पर BJP का पलटवार, राहुल गांधी के आरोपों को बताया बेबुनियाद, केंद्रीय मंत्री चिराग बोले- चुनाव आयोग जनता के सामने रखे अपना पक्ष

NDA Counter Attack on Opposition: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के मोर्चे के बीच बीजेपी और NDA नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार तेज कर दिया है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राहुल गांधी के आरोपों को झूठा बताया तो गिरिराज सिंह, सुधांशु त्रिवेदी और मनोज तिग्गा समेत कई नेताओं ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग को बदनाम करने का आरोप लगाया। हालांकि चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव आयोग को उठ रहे सवालों पर अपना पक्ष मजबूती से जनता के सामने रखना चाहिए, ताकि चुनावी प्रक्रिया को लेकर किसी तरह का संदेह न रहे। केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने सारे तथ्य झूठे बोले हैं। विरोधी लहर जो कांग्रेस के खिलाफ है, वो उनको ध्यान ही नहीं है वो जानकर झूठ बोलते हैं आप केरल में किस आधार में सत्ता में आए। अगर चुनाव आयोग ठीक नहीं है तो आप कैसे जीत गए? राहुल गांधी एकदम झूठा आरोप लगा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, सामान्य से ज्यादा बारिश, 100.1% पहुंचा आंकड़ा, जलाशयों के खुले गेट
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी सचमुच में नेता प्रतिपक्ष नहीं हैं, वे मदारी हैं, क्योंकि मंच पर बैठकर मजाक करना नेता प्रतिपक्ष का काम नहीं है, जिस कांग्रेस ने 15 चुनाव आयुक्त को पद से हटने के बाद सम्मानित किया, वो बात कर रही है? राहुल गांधी, आज चोर खुद चोरी के खिलाफ बोल रहा है? राहुल गांधी को बताना चाहिए कि उनकी माताजी ने क्यों 15 सालों तक देश की नागरिकता नहीं ली? क्यों बिना नागरिकता लिए ही उन्होंने मतदान किया? भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कुछ समय पहले राहुल गांधी ने आपके सामने एक बार फिर एक PPT का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मैं 50 सालों से राजनीति समझ रहा हूं, लेकिन उनकी खुद की उम्र 56 साल ही है। बंगाल में 1977 के बाद से कांग्रेस की सरकार नहीं आई है, बिहार में 1990 के बाद से कांग्रेस की सरकार नहीं आई है। राहुल गांधी को इसकी जानकारी ही नहीं है। जब से पारदर्शी चुनाव हो गए हैं, CCTV कैमरे आए हैं और स्वतंत्र मीडिया आया है, तभी से इनके लाले पड़ गए हैं सत्ता में आने के लिए। राजनीतिक दृष्टि से राहुल गांधी का ज्ञान शून्य है। (NDA Counter Attack on Opposition)
चुनाव आयोग अपनी बातों को मजबूती से रखना चाहिए: चिराग
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि अगर चुनाव आयोग के ऊपर ऐसे सवाल खड़े हो रहे हैं तो मैं मानता हूं कि ये जिम्मेदारी भी चुनाव आयोग की है कि वो अपने पक्ष मे अपनी बातों को मजबूती से रखें। विपक्ष क्या बोलता है, उससे मुझे फर्क नहीं पड़ता है, क्योंकि विपक्ष का काम राजनीति करना है। चुनाव आयोग को जनता का विश्वास बना रहे, क्योंकि अगर चुनावी प्रक्रिया के ऊपर ही जनता का संदेह खड़ा हो जाएगा तो ये गलत है। ऐसे में चुनाव आयोग अपनी बातों को मजबूती से रखना चाहिए, ताकि जनता के मन में कोई संदेह न आए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिन मामलों में भी कांग्रेस प्रोटेस्ट करते हैं, बाद में उसमें कुछ निकलता नहीं है। हर जगह पर वो अपनी साख खराब करते हैं। SIR पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो रही है। इसलिए कांग्रेस को परेशानी हो रही है। सही में इस बार वोटों का शुद्धिकरण हो रहा है। भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि कोई भी उच्चतम न्यायालय में जा सकता है, लेकिन भारतीय निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संस्था है। वह जो भी फैसला लेती है, सामूहिक तौर पर लेती है। विपक्ष के पास कोई काम तो है नहीं। आज ऐसा समय है, जब हमें मिलकर देश को आगे बढ़ाना चाहिए और इन छोटी बातों में नहीं आना चाहिए।
राहुल गांधी की बातों को पूरे देश में कोई गंभीरता से नहीं: आदित्य
झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राहुल गांधी की बातों को पूरे देश में कोई गंभीरता से नहीं लेता है। वो क्या बोलते हैं, वो खुद उनको समझ में नहीं आता है। वो मानसिक रूप से बिल्कुल विक्षिप्त व्यक्ति हैं। भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस चोरी के कारण हार गई, महिला का अपमान करने के कारण हार गई, राज्य को हिंदू-मुसलमान में बांटने के कारण हार गई और ऐसे बहुत सारे कारण हैं, जिसकी वजह से TMC हार गई। अब यह सब मतदाता सूची में नाम काटने की कोशिश की गई बोलकर सहानुभूति लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बंगाल की जनता की थोड़ी भी सहानुभूति TMC के साथ नहीं है। CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि ये हमेशा ऐसा मुद्दा लाते हैं, जो देश के खिलाफ हैं। अब ये ज्ञानेश कुमार जी के खिलाफ हो गए हैं, देश की जितनी संस्थाएं हैं, उसे कमजोर करने की साजिश चल रही है और कुछ लोग हैं, जिन्हें देश का कुछ नहीं पता होता है। बस भड़कावे में आकर कुछ दिन तांडव करते हैं।
भविष्य में उनके लिए चुनाव लड़ना मुश्किल हो जाएगा: घोष
संसद के दोनों सदनों में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस लाने की विपक्षी दलों की योजना पर मंत्री घोष ने कहा कि आंदोलन करने का सबको हक है, लेकिन एक-एक आंदोलन का ऐसा भंडाफोड़ हो रहा है और जनता को इस साजिश के बारे में पता चल रहा है। भविष्य में उनके लिए चुनाव लड़ना मुश्किल हो जाएगा। पश्चिम बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस ही राहुल गांधी की कोई बात नहीं मानती है, कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेती है। पूरे पश्चिम बंगाल की जनता खुश है। पश्चिम बंगाल की जनता का आशीर्वाद ज्ञानेश कुमार के साथ है। इस पर कांग्रेस सांसद और छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि अगर राहुल गांधी चुनाव आयोग से जवाब मांगते हैं, जिम्मेदारी तय करने की बातें होती हैं तो भाजपा सामने आ जाती है और ज्ञानेश कुमार को पद्मभूषण देने की बात करती है। किसलिए उन्हें पद्मभूषण दिया जाना चाहिए? इसलिए कि उन्होंने वोट चोरी की, उन्होंने हमारे 13 करोड़ मतदाताओं का नाम काटा और भाजपा के पक्ष में सारे काम किए, इसलिए मैंने कहा कि यहां चुनाव आयोग को संविधान ने स्वतंत्र और निष्पक्ष रखा है, लेकिन ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग को भाजपा का सरकारी कार्यालय बना दिया। मैं तो सूची देख रहा था, जिसमें भाजपा ने अपने प्रभारी नियुक्त किए हैं कि ज्ञानेश कुमार को कहां का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस के पास कोई विषय नहीं: मनोज तिग्गा
भाजपा सांसद मनोज तिग्गा ने ECI के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कहा कि कांग्रेस के पास कोई विषय नहीं है, इसलिए वे इस तरह के मुद्दों को पकड़कर देश में अशांति फैलाना चाहते हैं और आगे बढ़ना चाहते हैं। उनका लक्ष्य चुनाव आयोग पर आक्रमण करना, चुनाव प्रक्रिया पर आक्रमण करना है। वोटिंग मशीन अगर सटीक नहीं होती तो आपके सांसद भी क्यों जीतकर आते? ऐसा नहीं होता और केवल भाजपा ही जीतती। उनके पास कोई विषय नहीं है। वो बेवजह विषय बनाकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी अवसाद में हैं। लगातार 100 हारों के बाद, कुंठित मानसिकता से, द्वेषपूर्ण राजनीति को करते हुए वे बयानबाजी कर रहे हैं और राहुल गांधी के पास कोई एजेंडा नहीं है, जो जॉर्ज सोरोस एजेंडा भेजते हैं, वही एजेंडा वे चला रहे हैं। भारत विरोधी, सनातन विरोधी, भारत के संस्थान विरोधी। वे प्रेस वार्ता में कोई तथ्य प्रस्तुत नहीं कर पाए। वे तथ्यविहीन आरोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी, 10 लाख बूथों पर कांग्रेस के BLO क्यों बैठे हैं? उन्होंने कोई एतराज नहीं किया? AC कमरे में बैठे राहुल गांधी कुंठित मानसिकता से बयानबाजी कर रहे हैं। मेरा सोनिया गांधी से एक निवेदन है, कृपया राहुल गांधी का किसी अच्छे मनोचिकित्सक से इलाज करवाएं।
जो कुछ भी विपक्ष की ओर से कहा जा रहा, वो अशोभनीय: कुशवाहा
SIR और ECI को लेकर RJD के राज्यव्यापी विरोध पर जद(यू) नेता राजीव रंजन ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल को पता है कि उनकी पराजय होनी थी। ठीकरा वो निर्वाचन आयोग पर फोड़ने की कोशिश बार-बार करते रहे हैं, लेकिन भारतीय निर्वाचन आयोग ने जब SIR में अनियमितताओं के कथित आरोपों को लेकर सफाई मांगी थी और कहा था कि अगर ये आरोप इतने सारे हैं तो आपका आधिकारिक शिकायत क्यों नहीं है ? तो फिर यह हक्के बक्के थे, एक भी बूथ पर मतदान पुनर्मतदान नहीं हुआ है और कहीं भी कोई हिंसात्मक कार्रवाई नहीं हुई, कहीं कोई हिंसा नहीं हुई, एकदम पारदर्शी मतदान हुआ और उसके बाद जनादेश बिहार में एनडीए को मिला है, इसीलिए इस तरह के धरना प्रदर्शन से वो दबाव बनाने की कोशिश करेंगे, उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिलेगी। RLM अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि इस विषय पर जो कुछ भी विपक्ष की ओर से कहा जा रहा है, बिल्कुल अशोभनीय है। इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। कहीं भी मतभेद होना स्वभाविक चीज है। मतभेद हो सकता है, जिनको भी अथॉरिटी है, वो लोग देखें। (NDA Counter Attack on Opposition)
CJP को राजनीतिक सवालों को नहीं उठाना चाहिए: त्यागी
शिवसेना नेता शायना एन.सी. ने कहा कि राहुल गांधी को हर चीज में आपत्ति है। चुनाव आयोग से आपत्ति है, EVM से आपत्ति है, वोटर्स से आपत्ति है, नरेंद्र मोदी से आपत्ति है, SIR से आपत्ति है। साफ स्वच्छ राजनीति के लिए बोगस वोटर्स, बाहर से आए वोटर्स को निकालने की आवश्यकता है या नहीं? इन सभी सवालों के ऊपर वो आत्मचिंतन करें तो उनको सभी सवालों का जवाब SIR से मिलेगा। RLD नेता केसी त्यागी ने कहा कि CJP शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन, नकल के विरूद्ध और नई पीढ़ी, नए नौजवानों के प्रशिक्षण को लेकर पैदा हुई थी। उसे राजनीतिक सवालों को नहीं उठाना चाहिए। उससे उसकी प्रतिष्ठा कम हो जाएगी। ECI विवाद को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा कि ये बहुत कठोर शब्द हैं। राहुल गांधी से मैं कहना चाहता हूं कि कृपया राष्ट्रहित में, कांग्रेस हित में और परंपराओं के हित में ऐसे खराब शब्दों का इस्तेमाल न करें। CEC विवाद पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि चुनाव आयोग इन सवालों पर किस तरह अपना पक्ष जनता के सामने रखता है।



