Chhattisgarh Rajyotsav – राज्योत्सव की तैयारियां तेज, रायपुर में होगा वायुसेना का ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर शो
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव को लेकर रायपुर में तैयारियां तेज हैं। इस बार भारतीय वायुसेना की ‘सारंग’ टीम हेलीकॉप्टर प्रदर्शन करेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं होंगी।

Chhattisgarh Rajyotsav : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि राज्योत्सव हर वर्ष धूमधाम से आयोजित किया जाता है और इस बार भी आयोजन को लेकर प्रशासन स्तर पर तैयारियां जारी हैं। मुख्य सचिव की बैठक में राज्योत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है।
कलेक्टर ने बताया कि संस्कृति विभाग और CSIDC के साथ समन्वय कर जिला प्रशासन आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ है। राज्योत्सव की मेजबानी के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वायुसेना का ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर शो होगा आकर्षण
राज्योत्सव के दौरान इस बार भारतीय वायुसेना की ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर टीम का प्रदर्शन भी प्रस्तावित है। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर पहले सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम का प्रदर्शन हुआ था, वहीं ‘सारंग’ का हेलीकॉप्टर शो आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए दर्शकों की भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सहायता वितरण की तैयारी
रायपुर जिले में बाढ़ से हुई क्षति को लेकर कलेक्टर ने बताया कि अभनपुर, आरंग और तिल्दा क्षेत्र महानदी और खारुन नदी के प्रभाव वाले इलाकों में आते हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता और व्यवस्थाएं पहुंचाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों से जुड़े दस्तावेज तैयार करने का काम भी किया जा रहा है। क्षति का सर्वे पूरा हो चुका है। सेवा सेतु कैंप के माध्यम से मकान और फसल को हुई क्षति के आधार पर सहायता वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। (Chhattisgarh Rajyotsav)
रविशंकर विश्वविद्यालय के पास तैयार होगा परीक्षा केंद्र
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नए परीक्षा केंद्र को लेकर भी कलेक्टर ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर परीक्षाएं आयोजित होने के कारण विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए कई जगहों पर जाना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रविशंकर विश्वविद्यालय के पास परीक्षा केंद्र तैयार किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि प्रयास है कि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए अलग-अलग स्थानों पर न जाना पड़े और अधिक से अधिक परीक्षाएं एक ही केंद्र पर आयोजित की जा सकें। (Chhattisgarh Rajyotsav)



