Google Analytics —— Meta Pixel

‘घर में अनहोनी हो जाएगी’ कहकर महिला को डराया, साधु बनकर 150 ग्राम सोना ले उड़े

Raipur Crime News : राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में साधु के वेश में पहुंचे तीन लोगों ने बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि आरोपियों ने पूजा-पाठ के नाम पर कई बार महिला से सोने के जेवर लिए और किसी को घटना की जानकारी देने पर परिवार में अनहोनी होने का डर दिखाया। शिकायत के बाद गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीमारी की बातें बताकर जीता महिला का भरोसा

पुलिस के मुताबिक, जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार की पत्नी नैना से मार्च 2026 में तीन साधुओं ने संपर्क किया था। आरोपियों में से एक ने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी कुछ परेशानियों के बारे में ऐसी बातें बताईं, जो महिला को सही लगीं। इससे महिला का आरोपियों पर भरोसा बढ़ गया। (Raipur Crime News)

इसके बाद तीनों ने पूजा-पाठ के जरिए बीमारी और पारिवारिक समस्याएं दूर करने का दावा किया। आरोप है कि इसी बहाने उन्होंने महिला से सोने के जेवर और नकदी लेना शुरू कर दिया।

पहले अंगूठी और नकदी, फिर लगातार लेते रहे जेवर

पुलिस के अनुसार, पहली बार आरोपियों ने महिला से करीब 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपये लिए। करीब 10 से 12 दिन बाद 5 ग्राम की सोने की चेन ली गई। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग अंतराल पर महिला के घर पहुंचते रहे और पूजा-पाठ के नाम पर जेवर लेते रहे।

इस तरह धीरे-धीरे आरोपियों के पास महिला के करीब 150 ग्राम सोने के जेवर पहुंच गए।

अनहोनी का डर दिखाकर चुप कराया

आरोप है कि तीनों ने महिला को डराया कि यदि उसने जेवर देने की बात किसी को बताई तो उसके परिवार में किसी की मौत या बड़ी अनहोनी हो सकती है। इसी डर के कारण महिला ने कई महीनों तक पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी।

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर से आरोपी महिला को लगातार फोन कर और जेवर व नकदी की मांग करने लगे। इसके बाद महिला को ठगी का संदेह हुआ।

पति को बताई पूरी बात, थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

25 सितंबर की रात महिला ने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने गंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस महिला के मोबाइल पर आए फोन कॉल, नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित ठगी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। (Raipur Crime News)

यह भी पढ़े :- EVM पर कांग्रेस की बैलेट पेपर की मांग पर मंत्री टंकराम वर्मा का पलटवार, बोले…

Back to top button
error: Content is protected !!