Google Analytics —— Meta Pixel

EVM पर कांग्रेस की बैलेट पेपर की मांग पर मंत्री टंकराम वर्मा का पलटवार, बोले…

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर मंत्री ने कहा- पानी सामान्य होने के बाद क्षति का सर्वे कराया जाएगा, प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा

रायपुर। कांग्रेस की ओर से बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर का जमाना खत्म हो चुका है। EVM के जरिए कांग्रेस ने भी सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कोई नहीं समझा सकता, क्योंकि वह समझने को तैयार ही नहीं है।

लल्लूराम डॉट कॉम से चर्चा में मंत्री टंकराम वर्मा ने EVM को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि EVM के जरिए निष्पक्ष चुनाव होता है और परिणाम भी जल्द सामने आता है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव समेत सभी चुनावों में EVM का उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि EVM के माध्यम से सही निर्णय सामने आता है।

कांग्रेस में आपसी द्वंद्व का लगाया आरोप

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि पार्टी में आपस में ही द्वंद्व चल रहा है। 2023 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद से कांग्रेस नेता एक-दूसरे पर हार की जिम्मेदारी डाल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में शराब, कोयला और पीएससी समेत कई मामलों में भ्रष्टाचार और घोटाले हुए हैं तथा इसमें सभी की सहभागिता रही है। मंत्री ने कहा कि अब जब एक-दूसरे को कुछ नहीं मिल रहा है तो आपस में ही लड़ाई हो रही है।

बाढ़ प्रभावितों को लेकर प्रशासन को दिए निर्देश

प्रदेश में बारिश और बाढ़ की स्थिति को लेकर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई मकान ढह गए हैं और लोगों को नुकसान हुआ है। इसके अलावा कुछ सड़कें और पुल-पुलिया भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है। उन्होंने स्वयं भी तीन-चार जिलों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। बाढ़ से मकानों के साथ फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। मंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन को रहने और खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पानी सामान्य होने के बाद होगा नुकसान का सर्वे

मंत्री ने कहा कि वह स्वयं भी बाढ़ की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को लेकर उन्होंने कहा कि अब कई क्षेत्रों में पानी सामान्य हो गया है। इसके बाद राजस्व विभाग का अमला प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का सर्वे करेगा। सर्वे के आधार पर क्षति का आकलन किया जाएगा और पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा राशि का वितरण किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!